सचिन-कोहली ने पीड़ितों को दी श्रद्धांजलि
भारतीय टीम के पूर्व बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर और विराट कोहली ने भी इस हमले पर दुख जताया और पीड़ितों को श्रद्धांजलि दी है। सचिन ने लिखा, पीड़ित परिवार अकल्पनीय कष्ट से गुजर रहे होंगे। भारत और दुनिया भर में लोग इस कठिन समय में उनके साथ हैं। हम इस हमले में जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि देते हैं और न्याय की प्रार्थन करते हैं।
ये भी पढ़ें: SRH vs MI: काली पट्टी बांधकर उतरेंगे मुंबई-हैदराबाद के खिलाड़ी, आतंकी हमले के पीड़ितों को देंगे श्रद्धांजलि
आईपीएल 2025 में हिस्सा ले रहे दिग्गज भारतीय बल्लेबाज विराट कोहली ने इंस्टाग्राम पर लिखा, पीड़ित परिवार के प्रति गहरी संवेदना। जिन परिवार के लोगों ने इस कायरतापूर्ण हमले में अपनी जान गंवाई है, उनके लिए प्रार्थना करता हूं और परिवार को इस दुख को सहने की शक्ति मिले ऐसी प्रार्थना करता हूं।
श्रीवत्स गोस्वामी ने चैंपियंस ट्रॉफी का दिया उदाहरण
इस बीच, पूर्व भारतीय क्रिकेटर श्रीवत्स गोस्वामी ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए पाकिस्तान के साथ सभी प्रकार के खेल संबंध समाप्त करने की मांग कर डाली है। गोस्वामी ने लिखा, इसलिए मैं कहता हूं कि आप पाकिस्तान के साथ क्रिकेट नहीं खेलें। ना सिर्फ अभी, बल्कि कभी नहीं। जब बीसीसीआई या सरकार ने चैंपियंस ट्रॉफी के लिए भारतीय टीम को पाकिस्तान भेजने से इन्कार किया था तो कुछ लोगों ने कहा था कि खेल को राजनीति से ऊपर रखना चाहिए। लगता है कि निर्दोष भारतीयों की हत्या करना पाकिस्तान का राष्ट्रीय खेल बना गया है और भारत को जीरो टोलेरेंस के तहत जवाब देना चाहिए, ना कि बल्ले और गेंद से।
भारत-पाकिस्तान के बीच नहीं होती द्विपक्षीय सीरीज
मालूम हो कि भारत और पाकिस्तान के बीच 2012-13 से ही द्विपक्षीय सीरीज बंद है। बीसीसीआई ने फरवरी-मार्च में हुए चैंपियंस ट्रॉफी के लिए भारत की टीम भेजने से मना कर दिया था और भारतीय टीम ने फाइनल सहित अपने सभी मैच दुबई में खेले थे। गोस्वामी ने हाल ही में पहलगाम का दौरा किया था। गोस्वामी ने कहा कि उन्होंने घाटी में आशा और शांति लौटती हुई महसूस की थी। गोस्वामी ने कहा, और अब फिर खूनखराबा हुआ। यह आपके अंदर कुछ तोड़ देता है। यह आपको यह सवाल करने पर मजबूर करता है कि हमसे और कितनी बार यह अपेक्षा की जाएगी कि हम चुप रहें, खेलते रहें, जबकि हमारे लोग मर रहे हैं। अब और नहीं। इस बार बिल्कुल नहीं।
ये भी पढ़ें: Pahalgam Terror Attack: पहलगाम आतंकी हमले पर खेल जगत में भी आक्रोश, गौतम गंभीर बोले- भारत करेगा पलटवार