भारत की टेनिस स्टार सानिया मिर्जा का यह साल बेहद शानदार साबित हो रहा है तो उनके पाकिस्तानी पति और क्रिकेटर शोएब मलिक भी उनकी सफलता के पद्चिन्हों पर चलते हुए लगातार राष्ट्रीय टीम में बने हुए हैं।
पाक के पूर्व कप्तान शोएब पिछले कुछ समय से टीम का नियमित हिस्सा बने हुए हैं, लेकिन वह टेस्ट टीम में वापसी की आस पूरी होती नहीं दिख रही थी। लेकिन करीब 5 साल के लंबे इंतजार के बाद उनके करियर की सबसे बड़ी खुशखबरी आई है। उन्हें पाक की टेस्ट टीम में फिर से शामिल कर लिया गया है।
शोएब टीम में ऑलराउंडर की भूमिका में हैं और उन्हें यूएई में इंग्लैंड के खिलाफ खेली जानी वाली टेस्ट सीरीज के लिए 16 सदस्यीय टीम के लिए वापस बुलाया गया है। उन्होंने आखिरी बार अगस्त 2010 में टेस्ट मैच खेला था।
पाक के पूर्व कप्तान की टीम में वापसी के लिए टीम प्रबंधन में चयनकर्ताओं से यह गुजारिश की थी कि उन्हें टेस्ट टीम में शामिल कर लिया जाए क्योंकि सीमित ओवरों के क्रिकेट में उनकी बल्लेबाजी को देखते हुए वह टीम के लिए मददगार साबित हो सकते हैं। साथ ही वह एक अच्छे गेंदबाज भी हैं।