पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर को दुनिया के सबसे खतरनाक गेंदबाजों में गिना जाता है। अपने दिनों में शोएब अख्तर दुनिया के सबसे बेहतरीन बल्लेबाजों की नाक में दम करके रखते थे, लेकिन सचिन से कभी पार नहीं पा सके। शोएब ने खुद स्वीकार किया है कि दुनिया के सभी बल्लेबाज उनसे डरते थे। कई खिलाड़ियों के तो पैर तक उनके सामने नहीं चलते थे, लेकिन सचिन उन्हें अच्छे से खेलते थे। शोएब 1999 विश्व कप के दौरान अपने चरम पर थे और किसी भी बल्लेबाज के लिए उन्हें खेलना बहुत मुश्किल था, लेकिन सचिन उस समय भी आसानी से उनकी गेंदों पर चौके-छक्के लगाते थे।
शोएब अख्तर ने एक स्पोर्ट्स चैनल से बातचीत में कहा कि एक समय उनकी रफ्तार से दुनिया का हर बल्लेबाज डरा रहता था। सिर्फ सचिन ही उन्हें ठीक तरीके से खेल पाते थे। उन्होंने कहा "1999 विश्व कप में सचिन तेंदुलकर मेरे खिलाफ बहुत अच्छा खेले, जबकि उस दौरे में बाकी बल्लेबाज मुझसे डरते थे। मेरे सामने दुनिया के कई बल्लेबाजों के पैर तक नहीं हिलते थे।"
बेवजह दबाव में आती थी पाकिस्तानी टीम
शोएब ने अपने दम पर पाकिस्तान को कई मैच जिताए हैं, लेकिन कभी भी विश्व कप में भारत के खिलाफ जीत नहीं दिला पाए। इस उन्होंने कहा "पाकिस्तान की टीम विश्व कप में हमेशा भारत के खिलाफ बेवजह दबाव लेकर उतरने की आदी थी। हम भारत को उनके घर में टेस्ट और वनडे में हरा चुके थे, लेकिन विश्व कप में अतिरिक्त दबाव टीम को ले डूबता था।" शोएब के अनुसार भारत के खिलाफ मैच को लेकर मीडिया काफी बात करती थी। इस वजह से खिलाड़ियों से अपेक्षाएं बढ़ जाती थी और खिलाड़ी दबाव में आ जाते थे।
एशिया कप में भिड़ेगा भारत-पाकिस्तान
एशिया कप में एक बार फिर दोनों टीमें आमने-सामने होंगी। 28 अगस्त को होने वाले मैच में भारत के पास पाकिस्तान से बदला लेने का मौका होगा। 2021 टी20 विश्व कप में पाकिस्तान ने दुबई के ही मैदान पर भारत को 10 विकेट से हराया था। यह पहला मौका था, जब टीम इंडिया विश्व कप में पाकिस्तान से हारी थी। अब भारत के पास पाकिस्तान को हराकर पिछले साल मिली हार का बदला लेने का मौका रहेगा।