कोलकाता में भारत और पाकिस्तान के बीच मैच के दौरान दंगे के हालात बन गए थे
- फोटो : सोशल मीडिया
क्रिकेट के मैदान पर जब भारत और पाकिस्तान की टीमें भिड़ती हैं तो दोनों देशों के दर्शकों को हार से कम कुछ भी मंजूर नहीं होता है। इस वजह से कई बार भारत और पाकिस्तान के बीच मैच में तनवापूर्ण हालात बन जाते हैं। मौजूदा समय में खिलाड़ी ज्यादा पेशेवर हो चुके हैं और मैदान में सुरक्षा बढ़ने के कारण दर्शक मैदान में नहीं आ पाते हैं। पुराने समय में दर्शक कई बार मैदान में उत्पात मचा देते थे और मैच रोकना पड़ता था। ऐसी ही एक घटना आज से ठीक 23 साल पहले कोलकाता के मैदान में हुई थी।
एशियन टेस्ट चैंपियनशिप का पहला मुकाबला भारत और पाकिस्तान के बीच खेला जा रहा था। टीम इंडिया को जीत के लिए चौथी पारी में 279 रन की जरूरत थी। ऐसे में सचिन गलत तरीके से रन आउट हो गए थे और मैदान में दंगे जैसे हालात बन गए थे। बाद में यह मैच खाली मैदान पर हुआ था और भारत 46 रन से हार गया था।
शोएब की गलती से बिगड़े हालात
279 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की शुरुआत बहुत अच्छी नहीं थी और पूरे देश की उम्मीदें सचिन पर टिकी हुई थीं। भारत की पारी के 43वें ओवर में सचिन नौ रन बनाकर खेल रहे थे। एक गेंद पर उन्होंने एक रन भागने की कोशिश की, लेकिन शोएब उनके रास्ते में आ गए। सचिन उनसे टकराए और समय पर क्रीज के अंदर नहीं पहुंच पाए। पाकिस्तानी खिलाड़ियों ने गिल्लियां बिखेर दीं और रन आउट की अपील की। अंपायर ने सचिन को आउट दे दिया।
वहीं रीप्ले में साफ दिख रहा था कि सचिन शोएब से टकराने की वजह से आउट हुए हैं और शोएब जान बूझकर उनके रास्ते में आए थे। दर्शकों को यह बात पसंद नहीं आई और मैदान में दंगे जैसे हालात बन गए। दर्शकों ने मैदान में विरोध जताते हुए उत्पात मचाना शुरू कर दिया। मैदान के अंदर पानी की बोतलें और बाकी चीजें फेंकी जाने लगी।
दर्शकों को शांत करना पहुंचे सचिन
मैदान में हालात बिगड़ते देख जगमोहन डालमिया और सचिन तेंदुलकर दर्शकों को शांत कराने पहुंचे, लेकिन बात नहीं बनी। इसके बाद पूरा स्टेडियम खाली कराया गया और बाकी का मैच खाली मैदान में खेला गया। सचिन के आउट होने के बाद भारत की पूरी टीम सस्ते में सिमट गई और टीम इंडिया यह मैच 46 रन से हार गई।