शोएब अख्तर की फिल्म का पोस्टर सामने आ चुका है
- फोटो : सोशल मीडिया
पाकिस्तान के दिग्गज तेज गेंदबाज शोएब अख्तर ने रविवार को बताया कि उनकी बायोपिक जल्द ही सिनेमाघरों में आने वाली है। इस फिल्म का नाम होगा 'रावलपिंडी एक्सप्रेस- रनिंग अगेंस्ट द ऑड्स' (मुश्किलों के खिलाफ दौड़)। यह फिल्म साल 2023 में 16 नंवबर को रिलीज होगी। शोएब ने खुद अपने यूट्यूब चैनल पर इसका खुलासा किया है। शोएब ने 25 सेकेंड का एक मोशन पोस्टर जारी किया है और फिल्म की रिलीज डेट बताई है।
इस पोस्टर में एक व्यक्ति रेल की पटरी पर दौड़ता हुआ दिखाई दे रहा है। साथ ही बताया गया है कि मुहम्मद फजर कासिर इस फिल्म का निर्दशन करेंगे। 46 साल के शोएब अख्तर अपनी गति के लिए जाने जाते थे और इसी वजह से उन्हें रावलपिंडी एक्सप्रेस कहा जाता था।
फैंस को पसंद आया पोस्टर
यूट्यूब पर शेयर किए जाने के 20 मिनट के अंदर पांच हजार से ज्यादा लोगों ने यह वीडियो देखा। हालांकि, अब तक यह साफ नहीं हुआ है कि फिल्म में शोएब अख्तर का किरदार कौन अदा करेगा, लेकिन उन्होंने काफी पहले यह इच्छा जताई थी, कि अगर उनके ऊपर फिल्म बनाई जाए तो सलमान खान उनका किरदार करें।
1997 में शुरू हुआ था शोएब का करियर
29 नवंबर 1997 में वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट मैच में पाकिस्तान के लिए अपने करियर की शुरुआत करने वाले शोएब अख्तर दुनिया के सबसे तेज गेंदबाजों में से एक हैं। वो क्रिकेट के इतिहास के सबसे काबिल गेंदबाजों में गिने जाएंगे। वो पहले तेज गेंदबाज थे, जिन्होंने 100 मील (160 किलोमीटर) से ज्यादा की गति से गेंद की। उन्होंने अपने करियर में दो बार ऐसा किया।
शोएब ने पाकिस्तान के लिए 46 टेस्ट, 163 वनडे और 15 टी20 मैच खेले। इस दौरान उन्होंने टेस्ट में 178 विकेट, वनडे में 247 विकेट और टी20 में 19 विकेट लिए। 2011 विश्व कप के बाद शोएब ने क्रिकेट से संन्यास का एलान किया। अब शोएब क्रिकेट एक्सपर्ट के रूप में काम करते हैं। वो अपने यूट्यूब चैनल के लिए वीडियो बनाते हैं और कई टीवी शो में भी क्रिकेट एक्सपर्ट के रूप में जाते हैं। कुछ समय पहले पाकिस्तान को एक शो में उन्हें बेज्जती का सामना भी करना पड़ा था।