टीम इंडिया के ओपनर शिखर धवन ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पांच मैचों की सीरीज के चौथे वन-डे में खेलने के लिए तैयार हैं। बाएं हाथ के बल्लेबाज ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर फैंस के लिए एक प्यारा सा संदेश दिया है। इस संदेश के बाद से उम्मीद की जा रही है कि धवन चौथे वन-डे के लिए टीम में लौट आएंगे।
बता दें कि धवन ने अपनी पत्नी आयशा के बीमार होने की वजह से पहले तीन वन-डे से अपना नाम वापस ले लिया था। अब उनकी पत्नी की तबीयत ठीक है। इस बात की जानकारी धवन ने इंस्टाग्राम अकाउंट के जरिये दी।
31 वर्षीय भारतीय क्रिकेटर ने अपने बच्चों के साथ एक फोटो शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, 'मेरी पत्नी आयशा धवन के स्वास्थ्य की अच्छी खबर के बाद खुश चेहरे। मेरे बच्चे- आलिया धवन, रिया, जोरावर को धन्यवाद, जिन्होंने अपनी मां का ख्याल रखा।' 'गब्बर' के नाम से मशहूर धवन के इस फोटो पर समाचार लिखे जाने तक 77, 524 लाइक्स आ चुके थे जबकि 187 लोगों ने कमेंट करके उनकी पत्नी को स्वस्थ रहने की शुभकामनाएं दी।
Happy faces after the good news of my wife health @aesha.dhawan5 . Thanks to my kids for being great help @aliyah_dhawan , Rhea and Zoraver...🤗🤗🙏🏼🙏🏼 A post shared by Shikhar Dhawan (@shikhardofficial) on Sep 23, 2017 at 8:06pm PDT
याद हो कि धवन ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज के पहले वन-डे से एक दिन पहले भी एक सेल्फी शेयर की थी। इसमें उन्होंने लिखा था- 'पत्नी के साथ होना अच्छा लग रहा है, इस समय में मेरा उसके साथ होना उसे ताकत देगी। उम्मीद करता हूं आने वाले कुछ दिनों में उनकी होने वाली सर्जरी सफल होगी।'
ये भी पढ़ें: 'टीम इंडिया के इस खिलाड़ी के नहीं खेलने से ऑस्ट्रेलिया को बहुत फायदा मिलेगा'
शिखर धवन ने चैंपियंस ट्रॉफी से जबर्दस्त प्रदर्शन किया और वो गजब के फॉर्म में हैं। श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में उन्होंने भारत की तरफ से सबसे ज्यादा रन (358) बनाए थे और पहले वन-डे में उन्होंने 132 रन की शानदार पारी खेली थी। इसके बाद वे अपनी बीमार मां की देखभाल के लिए श्रीलंका दौरा खत्म होने से पहले ही भारत लौट आए थे। धवन ने श्रीलंका दौरे के एकमात्र टी-20 मैच में हिस्सा नहीं लिया था। साथ ही वन-डे सीरीज के पांचवें और आखिरी मैच में भी वे टीम के हिस्सा नहीं थे।