भारत के पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर ने टीम डायरेक्टर रवि शास्त्री और पिच क्यूरेटर सुधीर नाइक के बीच कथित टकराव के मामले पर कहा कि यदि घरेलू टीम को इच्छानुसार पिच नहीं मिलेगी तो हताशा तो होगी लेकिन आपको अपनी भाषा को सयंमित रखना होगा। गावस्कर और शास्त्री दोनों एक साथ खेल भी चुके हैं।
उन्होंने एक निजी चैनल से बातचीत में कहा, "घरेलू टीम के अनुकूल पिच तैयार करने में क्या गलत है। जब आपको मनमाफिक पिच नहीं मिलेगी तो हताशा होगी और हो सकता है कटु और व्यंग्यात्मक टिप्पणियां भी हों लेकिन आपको अपनी भाषा पर नियंत्रण रखना होगा। जब निराशा होती है तो ऐसे शब्द बोले जा सकते हैं जिनको लेकर बाद में आपको अफसोस हो।"
उन्होंने कहा, "हालांकि रवि शास्त्री अपशब्द बोलने की बात से इनकार कर रहे हैं लेकिन सुधीर नाइक का कहना है कि उन्होंने ऐसा किया है। अभी एक व्यक्ति का पक्ष रखा गया है दूसरे के खिलाफ।" गावस्कर भारत की करारी हार के लिए पिच को दोषी नहीं मानते। उन्होंने कहा कि करारी हार भारत की औसत गेंदबाजी और दक्षिण अफ्रीका की असाधारण बल्लेबाजी के कारण हुई।