पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कप्तान रिकी पोंटिंग ने कहा है कि दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ एडिलेड टेस्ट में ऑलराउंडर शेन वाटसन को तभी उतरना चाहिए जब वह पूरी तरह से मैच फिट हों। पोंटिंग ने कहा कि अगर चोटिल वाटसन खराब फिटनेस के बावजूद भी टीम में खेलते हैं तो इससे टीम पर काफी दबाव पड़ेगा। ऐसे में उनका एडिलेड टेस्ट में खेलना ठीक नहीं होगा।
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दूसरे टेस्ट में आलराउंडर वाटसन को टीम में शामिल किए जाने पर बुधवार तक कोई निर्णय लिया जा सकता है। इससे पहले दोनों टीमों के बीच ड्रा खेले गए पहले टेस्ट में वाटसन की जगह ऑस्ट्रेलियाई टीम में तीसरे नंबर पर नए खिलाड़ी राब क्वीनी को लिया गया था। फिलहाल क्वीनी दूसरे टेस्ट के लिए भी टीम में बने हुए हैं।
गुरूवार से शुरू होने जा रहे एडिलेड टेस्ट के लिए मंगलवार को वाटसन का फिटनेस टेस्ट भी किया गया था। आलराउंडर वाटसन को टीम में बल्लेबाज के रूप में शामिल किए जाने को लेकर विचार किया जा रहा है। इससे पहले खुद वाटसन भी कह चुके हैं कि वह फिलहाल गेंदबाजी करने में सहज महसूस नहीं कर रहे हैं।