दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज शुरू होने के पहले ही ऑस्ट्रेलियाई टीम को लगातार दूसरा झटका लगा है। तेज गेंदबाज पैट्रिक क्युमिंस के सत्र से लगभग बाहर हो जाने के बाद आलराउंडर शेन वॉटसन की चोट भी खबरों ने क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की नींद उड़ा दी है।
ब्रिस्बेन टेस्ट के लिए ऑस्ट्रेलियाई टीम में जगह पाने से वंचित रहे क्युमिंस पीठ के निचले हिस्से में खिंचाव के कारण सत्र के शेष मैचों से लगभग बाहर हो ही चुके हैं और अब वॉटसन की चोट उभरने से चयनकर्ताओं के माथे पर बल पड़ना शुरू हो गया है।
छह माह में पहली बार प्रथम श्रेणी क्रिकेट में उतरे वॉटसन को एलेन बार्डर फील्ड में केवल एक ओवर गेंदबाजी के बाद पिंडली की चोट के कारण बाहर निकलना पड़ा। दर्द की शिकायत के बाद कराए गए स्कैन की रिपोर्ट आनी बाकी है। वह हैमस्ट्रिंग और पिंडली में खिंचाव के कारण 2011-12 में लगभग पूरे सत्र तक बाहर रहे थे।
वॉटसन ने हालांकि चोट गंभीर होने से इंकार किया है लेकिन शुक्रवार को शुरू होने वाले टेस्ट के पहले उन्हें फिटनेस टेस्ट से गुजरना पड़ सकता है। उनके चोटों का रिकॉर्ड देखते हुए टीम प्रबंधन निश्चिंत नहीं हो पा रहा है। इससे पहले क्युमिंस की चिकित्सा जांच में पता चला है कि उन्हें लंबे विश्राम की आवश्यकता है। इस कारण वह दक्षिण अफ्रीका सीरीज में तो नहीं ही खेल पाएंगे और संभवत वह फरवरी में भारत दौरे पर भी नहीं आ सकेंगे।