लक्ष्य का पीछा करने उतरी रॉयल्स को भारत के पूर्व तेज गेंदबाज
अजित अगरकर ने जल्द ही झटका दिया। उन्होंने मैट प्रायर (8) को जोगिंदर शर्मा के हाथों कैच आउट कराया। इसके बाद दक्षिण अफ्रीकी जोड़ी ग्रीम स्मिथ (23) और
जैक्स कैलिस (36) ने दूसरे विकेट के लिए 36 रन जोड़े। तभी श्रीलंका के तेज गेंदबाज लसिथ मलिंगा ने स्मिथ को दिलशान के हाथों कैच आउट करा दिया।
इसके बाद कैलिस और ओवेस शाह (74*) ने मोर्चा संभाला तथा तीसरे विकेट के लिए 34 रन की साझेदारी की। टीम इंडिया के पूर्व ऑफस्पिनर रोमेश पोवार ने कैलिस को सहवाग के हाथों झिलवाया। पूर्व महान ऑलराउंडर कैलिस ने 27 गेंदों में चार चौको और दो छक्को की मदद से 36 रन बनाए। दो गेंद बाद पोवार ने कप्तान शाहिद अफरीदी को मोहम्मद कैफ के हाथों कैच आउट कराकर रॉयल्स को चौथा झटका दिया। अफरीदी खाता नहीं खोल सके।
इसके बाद शाह ने न्यूजीलैंड के पूर्व ऑलराउंडर ग्रांट एलियट (21*) के साथ रॉयल्स को जीत दिलाई। एलियट ने 11 गेंदों में दो चौके और एक छक्के की मदद से 21 रन बनाए। डायमंड्स की तरफ से रोमेश पोवार को दो जबकि अगरकर और
मलिंगा को एक-एक विकेट मिला।
इससे पहले टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पैलेस डायमंड्स की तरफ से वीरेंद्र सहवाग ने अपने चिर-परिचित अंदाज में विस्फोटक पारी खेली। उन्होंने केवल 31 गेंदों में 4 चौको और पांच छक्को की मदद से 62 रन बनाए।
ऑस्ट्रेलिया के पूर्व ऑलराउंडर एंड्रू साइमंड्स (40) ने भी उम्दा पारी खेली। इसके अलावा मोहम्मद कैफ (19), जोगिंदर शर्मा (18) रन का योगदान देने में कामयाब रहे। रॉयल्स की तरफ से अब्दुल रज्जाक सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 4 ओवर के अपने कोटे में 18 रन देकर चार विकेट झटके। वहीं 'रावलपिंडी एक्सप्रेस' के नाम से मशहूर शोएब अख्तर ने दो जबकि शाहिद अफरीदी और नाथन मैकुलम ने एक-एक विकेट लिया।