अजीबोगरीब हेलमेट के साथ अफरीदी
- फोटो : ट्विटर
बीते कुछ वर्षों में बल्लेबाजों की सुरक्षा एक अहम मुद्दा रही है। आईसीसी और तमाम क्रिकेट संघ हेलमेट को लेकर सजग रहे हैं। सिर को बचाने के लिए हेलमेट भी अत्याधुनिक तकनीक से बन रहे हैं, लेकिन इस बीच शाहिद अफरीदी ने एक ऐसा अजीबो-गरीब हेलमेट पहना कि चारों ओर उसकी ही चर्चा हो रही है।
पाकिस्तान सुपर लीग में शनिवार को शाहिद अफरीदी ऐसे हेलमेट के साथ नजर आए जो उनके लिए खतरा साबित हो सकता था। चेहरे और आंखों को सुरक्षित रखने वाले ग्रील का ऊपरी हिस्सा हेलमेट से गायब था। गैप इतना हो चुका था कि गेंद आसानी से भीतर घुस सकती थी। 12 गेंदों में 12 रन की पारी के दौरान कमेंटेटर्स भी ऑन एयर अफरीदी के हेलमेट की चर्चा कर रहे थे।
पूर्व दक्षिण अफ्रीकी क्रिकेटर जॉन्टी रोड्स भी इस तरह के हेलमेट का इस्तेमाल कर चुके हैं। जोंटी, आईपीएल में किंग्स इलेवन पंजाब के कोचिंग स्टाफ का हिस्सा थे। बकौल जॉन्टी, 'इससे गेंदबाज के हाथ और बॉल का स्पष्ट व्यू मिलता है। अफरीदी और मैं उसी पड़ाव पर है, जहां हमें गेंद देखने में परेशानी हो सकती है।
बताते चलें कि घरेलू क्रिकेट में घातक बाउंसर से ऑस्ट्रेलिया बल्लेबाज फिल ह्यूज अपनी जान गंवा बैठे थे, तब से क्रिकेट जगत बल्लेबाजों की सुरक्षा को लेकर बेहद सतर्क है। अब तो गर्दन के लिए भी एक अलग उपकरण मौजूद है।