पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने सोमवार को कहा कि स्टार ऑलराउंडर शाहिद अफरीदी पीठ की चोट के कारण पाकिस्तान सुपर लीग (पीएसएल) में नहीं खेल पाएंगे। दरअसल, अफरीदी को कराची में ट्रेनिंग के दौरान पीठ के निचले हिस्से में दर्द महसूस हुआ। डॉक्टर ने जांच के बाद पूरी तरह आराम करने को कहा। अफरीदी ने बयान में कहा, 'दुर्भाग्य से मुझे आराम की सलाह दी गई है और मैं अपनी टीम मुल्तान सुल्तांस के साथ नहीं जा सकता।'
पाकिस्तान की प्रीमियर घरेलू टी-20 लीग अगले महीने अबुधाबी में बहाल होगी, जिसे मार्च में स्थगित कर दिया गया था क्योंकि छह फ्रेंचाइजी में कई खिलाड़ी और सहयोगी स्टाफ कोविड-19 पॉजिटिव पाए गए थे। बता दें कि अफरीदी ने कराची में लीग के पांच में से चार मैचों में मुल्तान सुल्तांस का प्रतिनिधित्व किया था, जिसमें उन्होंने दो पारियों में महज तीन रन बनाए थे और 15 ओवर में दो विकेट चटकाए थे।
नसीम शाह पीएसएल से निलंबित
उधर, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने कोरोना प्रोटोकॉल का उल्लंघन करने के चलते तेज गेंदबाज नसीम साह को पीएसएल से निलंबित कर दिया गया है। दरअसल, 18 वर्षीय साह लाहौर के एक होटल में पहुंचे, जहां टीम रुकी हुई थी। इस दौरान के शाह के पास पुराना कोरोना निगेटिव रिपोर्ट थी। इसी वजह से उन्हें निलंबित कर दिया गया। प्रोटोकॉल के मुताबिक, कोरोना निगेटिव रिपोर्ट 48 घंटे से ज्यादा पुरानी नहीं होना चाहिए।