भारतीय महिला टीम ने गुरुवार को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाले महिला वनडे विश्व कप के सेमीफाइनल मैच की तैयारियां शुरू कर दी है। चोटिल प्रतिका रावल की जगह टीम में चुनी गईं शेफाली ने अभ्यास सत्र में जमकर पसीना बहाया और बल्लेबाजी तथा गेंदबाजी अभ्यास किया। शेफाली ने ट्रेनिंग की शुरुआत कैच अभ्यास से की। इस दौरान वह मुख्य कोच अमोल मजूमदार के साथ चर्चा करती नजर आईं।
सेमीफाइनल के लिए मिलेगी जगह?
मुख्य कोच के साथ 15-20 मिनट तक चर्चा के बाद शेफाली ने अभ्यास पर ध्यान केंद्रित किया। उन्होंने करीब 50 मिनट तक बल्लेबाजी की। इस दौरान उन्होंने थ्रो डाउन विशेषज्ञ के साथ भी समय बिताया। आईसीसी ने प्रतिका की जगह शेफाली वर्मा को टीम में शामिल करने की मंजूरी दे दी थी। 21 वर्षीय बल्लेबाज का रिकॉर्ड वनडे में शानदार है। उन्होंने अब तक खेले 29 मुकाबलों में चार अर्धशतकों की मदद से 644 रन बनाए। इस प्रारूप में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नाबाद 71 रनों का रहा है। शेफाली ने पिछला वनडे एक साल पहले न्यूजीलैंड के खिलाफ खेला था। उसके बाद से वह टीम का हिस्सा नहीं थीं। अब एक बार फिर वह मैदान पर वापसी के लिए तैयार हैं।
भारत के सामने ऑस्ट्रेलिया की कड़ी चुनौती
भारतीय महिला टीम अपने पहले विश्व कप खिताब से दो कदम दूर है और उसके पास अपनी जमीन पर विश्व विजेता बनने का यह सुनहरा अवसर है। हरमनप्रीत कौर की अगुआई वाली टीम लगातार तीन मैचों में हार के बाद न्यूजीलैंड के खिलाफ जीत की राह पर लौटने में सफल रही थी। भारत को सेमीफाइनल में कोई दूसरा मौका नहीं मिलेगा, इसलिए ये उसे इस मैच में जीतने के लिए पूरा दम लगाना होगा। ऑस्ट्रेलिया और भारत के बीच मौजूदा टूर्नामेंट में एक बार सामना हो चुका है, जहां एलिसा हीली की अगुआई वाली टीम भारत पर भारी पड़ी थी। भारत के सामने सेमीफाइनल में कड़ी चुनौती होगी, लेकिन अगर टीम किसी तरह ये मैच जीतने में सफल रही तो विश्व कप जीतने के बेहद करीब पहुंच जाएगी।