बल्लेबाजी का निमंत्रण मिलने के बाद भारत के लिए अपना पांचवां टी-20 खेल रही शेफाली ने अपने पहले अंतरराष्ट्रीय अर्द्धशतक के लिए छह चौके और चार छक्के जड़े। शेफाली और मंधाना ने पहले विकेट के लिए रिकॉर्ड 143 रन की साझेदारी निभाई।
यह भारत के लिए टी-20 में किसी भी विकेट के लिए सर्वोच्च भागीदारी है। पिछला भारतीय रिकॉर्ड थिरूष कामिनी और पूनम राउत का था जिन्होंने 2013 में बांग्लादेश के खिलाफ 130 रन की साझेदारी की थी। मंधाना ने 46 गेंद की पारी में 11 चौके जमाए।
शेफाली ने तोड़ा सचिन का 30 साल पुराना रिकॉर्ड
पंद्रह साल की शेफाली वर्मा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अर्द्धशतक जड़ने वाली भारत की सबसे युवा खिलाड़ी बन गई हैं। उन्होंने सचिन तेंदुलकर का 30 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया। शेफाली ने यह उपलब्धि 15 साल और 285 दिन की उम्र में हासिल की। इस तरह उन्होंने दिग्गज क्रिकेटर तेंदुलकर को पीछे छोड़ा, जिन्होंने अपना पहला टेस्ट अर्द्धशतक 16 साल और 214 दिन की उम्र में बनाया था। हरियाणा की इस युवा खिलाड़ी ने पिछले महीने सूरत में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अपने करिअर के दूसरे टी-20 मैच में 46 रन की पारी खेली थी।