वनडे विश्व कप 2023 के लिए पाकिस्तान की टीम भारत आ चुकी है। पाकिस्तानी टीम हैदराबाद में रुकी हुई है। यहीं, पाकिस्तान के दोनों अभ्यास मैच हुए हैं। बाबर आजम की टीम हैदराबाद के मैदान में ही अभ्यास कर रही है। यहीं यह टीम नीदरलैंड के खिलाफ विश्व कप में अपना पहला मैच खेलेगी। इस दौरान पाकिस्तान के उपकप्तान शादाब खान ने धीमी फील्डिंग के लिए हैरदाबादी बिरयानी को जिम्मेदार ठहराया है।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अभ्यास मैच में पाकिस्तान की हार के बाद जब हर्षा भोगले ने शादाब खान से हैदराबादी बिरयानी को लेकर सवाल किया तो उन्होंने कहा कि वह और उनकी टीम भरपूर बिरयानी खा रही है और शायद इस वजह से खिलाड़ी धीमे भी हो रहे हैं।
पाकिस्तान की टीम का हैदराबाद में शानदार और गर्मजोशी से स्वागत किया गया था। सात साल में यह पाकिस्तान टीम की पहली भारत यात्रा है। पाक टीम गुरुवार से शुरू होने वाले वनडे विश्व कप की तैयारी यहीं कर रही है। हैदराबाद में जिस तरह से पाकिस्तानी खिलाड़ियों का स्वागत हुआ। इससे वह बेहद खुश हैं। टीम ने टीम डिनर का भी आनंद लिया और प्रशंसकों के साथ सेल्फी ली।
हैदराबाद में पाकिस्तान ने दो अभ्यास मैच खेले। मंगलवार को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पाकिस्तान को हार का सामना करना पड़ा। वे न्यूजीलैंड के खिलाफ अपना पहला अभ्यास मैच भी हार गए थे। इसके बाद पाकिस्तान आस्ट्रेलिया से 14 रन से हार गया। मैच के बाद लोकप्रिय भारतीय कमेंटेटर हर्षा भोगले ने शादाब खान से प्रसिद्ध हैदराबादी बिरयानी के बारे में पूछा तो पाकिस्तानी ऑलराउंडर ने एक मजेदार जवाब दिया। उन्होंने हंसते हुए कहा, "हम इसे रोजाना खा रहे हैं और शायद इसीलिए हम थोड़ा धीमे हो रहे हैं।" टूर्नामेंट के पहले मैच में पाकिस्तान शुक्रवार को हैदराबाद में नीदरलैंड से भिड़ेगा।
पाकिस्तानी खिलाड़ियों के खाने को लेकर पहले भी काफी बात हो चुकी है। भारत में बीफ बैन है। इस वजह से पाकिस्तान के खिलाड़ी चिकन और मटन खा रहे हैं। पाकिस्तान के खिलाड़ियों का डाइट चार्ट भी चर्चा में रहा है।