पाकिस्तान के पूर्व कप्तान बाबर आजम सहित पाकिस्तान के कई शीर्ष क्रिकेटर पोंजी स्कीम का शिकार हुए हैं। इस कारण इन क्रिकेटरों को करोड़ों रुपये का नुकसान हो सकता है। बाबर के अलावा इस पोंजी स्कीम का शिकार होने वालों में मोहम्मज रिजवान और शाहीन शाह अफरीदी शामिल हैं। सूत्रों का कहना है कि यह मामला पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के संज्ञान में आ गया है और बोर्ड इस कथित वित्तीय घोटाले की जांच कर रहा है।
बड़ी रकम की थी निवेश
सूत्र के अनुसार करीब एक दर्जन मौजूदा खिलाड़ियों के साथ एक पूर्व टेस्ट कप्तान ने भी एक पाकिस्तानी कारोबारी के पास बड़ी रकम निवेश की थी और अब यह व्यवसायी देश छोड़कर जा चुका है। सूत्र ने कहा, यह कारोबारी पाकिस्तान सुपर लीग की कुछ फ्रेंचाइजी को प्रायोजित करने से भी जुड़ा रहा है और उसने शुरूआत में पहले कुछ महीनों तक खिलाड़ियों को मुनाफे का भुगतान किया लेकिन बाद में उसने भुगतान बंद कर दिया।
देश छोड़कर भागा कारोबारी
जब प्रभावित खिलाड़ियों ने उससे संपर्क किया तो कारोबारी ने कथित तौर पर यह दावा किया कि उसे भारी नुकसान हुआ है जिसमें खिलाड़ियों की निवेश राशि और उसकी अपनी पूंजी भी शामिल है। उसने कहा कि वह पैसा लौटाने की स्थिति में नहीं है। सूत्र ने कहा, इसके बाद उसने फोन कॉल और संदेशों का जवाब देना बंद कर दिया और देश छोड़कर चला गया।
कई खिलाड़ियों ने अपनी व्यक्तिगत बचत ही नहीं बल्कि रिश्तेदारों और करीबी सहयोगियों की रकम भी इसमें निवेश कर दी थी। सूत्र ने कहा, 'यह मूल रूप से एक पोंजी योजनाथी जिसमें नुकसान होने लगा। अब इन खिलाड़ियों के सामने करोड़ों रुपये गंवाने का खतरा है।' सूत्र के अनुसार क्रिकेटरों और उनके सहयोगियों द्वारा निवेश की गई कुल राशि एक अरब रुपये से भी अधिक हो सकती है।