कागजों पर मजबूत दिखाई देने के बावजूद लगातार तीन हार का सामना कर चुकी दिल्ली डेयरडेविल्स की निगाहें पर अब वीरेंद्र सहवाग पर लगी हैं।
सहवाग बृहस्पतिवार को नेट पर उतरे। उन्होंने आधे घंटे तक जमकर बल्ला भांजा। सहवाग ने आंद्रे रसेल, इरफान पठान और ऑफ स्पिनर जोहान बोथा की जमकर धुनाई लगाई।
जिस तरह वह खेले उनका सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ शुक्रवार के मुकाबले में खेलना पक्का लग रहा है।
हालांकि टीम के दक्षिण अफ्रीकी तेज गेंदबाज मार्ने मार्कल का कहना है कि सहवाग फिट नजर आ रहे हैं। लेकिन उनके खेलने के बारे में शुक्रवार की सुबह ही स्थिति साफ होगी।
खास बात यह रही कि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज में सहवाग ने पहली बार चश्में का प्रयोग किया था। लेकिन उस प्रयोग के बाद पहली बार वह बिना चश्में के खेलने उतरे।
हालांकि उनके कांटेक्ट लेंस पहनने की भी अटकलें लगाई जा रही हैं। जिस तरह दिल्ली डेयरडेविल्स सहवाग की ओर नजरें उठाए खड़ी है वहीं सनराइजर्स हैदराबाद की ताकत डेल स्टेन हैं।
लेकिन स्टेन बृहस्पतिवार को प्रैक्टिस के लिए नहीं पहुंचे। उन्होंने उल्टियों के चलते आराम करने का निर्णय लिया। हालांकि टीम मैनेजमेंट का कहना है कि स्टेन कल के मुकाबले में खेलेंगे।