इंग्लैंड क्रिकेट टीम का अगले साल की शुरूआत में एक छोटी टी-20 श्रृंखला के लिए पाकिस्तान का दौरा शीर्ष खिलाड़ियों की उपलब्धता और लागत से जुड़े मसलों के कारण अक्तूबर तक स्थगित होना तय है। मीडिया रपटों के अनुसार जनवरी फरवरी में होने वाला यह दौरा अब अक्तूबर में हो सकता है जिसके बाद भारत में टी-20 विश्व कप होना है।
एक सूत्र ने कहा, 'अगले साल की शुरूआत में इंग्लैंड टीम को श्रीलंका और भारत में श्रृंखला खेलनी है, इसके अलावा कुछ टी-20 विशेषज्ञ बिग बैश लीग में व्यस्त होंगे। इसके साथी ही लागत से जुड़े मसले भी हैं। यह महज तीन मैचों की श्रृंखला होगी और शायद सारे मैच कराची में ही हों। इंग्लैंड टीम को चार्टर्ड विमान से लाना और दुबईमें अभ्यास शिविर कराना इंग्लैंड बोर्ड के लिए काफी महंगा साबित होगा।’