पूर्व कप्तान सौरव गांगुली का कहना है कि सचिन तेंदुलकर जैसा महान क्रिकेटर उन्होंने आज तक अपने कैरियर में नहीं देखा है। शायद ही भविष्य में कोई ऐसा खिलाड़ी होगा, जो शतकों का शतक लगा सके।
सचिन उनके जन्मदिन पर हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए गांगुली ने कहा, ‘मैंने अपने कैरियर में सचिन जैसा महान खिलाड़ी नहीं देखा। मैं हमेशा कहता हूं कि ब्रायन लारा और रिकी पोंटिंग महान खिलाड़ी हैं लेकिन इसके कोई विरोधाभास नहीं है कि सचिन महानतम हैं। मुझे पूरा यकीन है कि अगले 50 वर्षों में भी ऐसा कोई खिलाड़ी नहीं होगा, जो 100 शतक लगा सके। उनकी प्रतिभा का आप अंदाज लगा सकते हैं।’
पूर्व कप्तान ने साथ ही सचिन के साथ अपने क्रिकेट कैरियर के दौरान बिताए समय को याद करते हुए कहा कि वह सचिन को ‘बोरो बाबू’ यानी कि ‘बिग बास’ के नाम से पुकारते थे।
उन्होंने कहा, ‘मैं और सचिन पहली बार अंडर-14 कैंप के दौरान एक-दूसरे से मिले थे और हम दोनों की उम्र 13 वर्ष थी।’
गांगुली ने बताया कि सचिन के साथ ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका दौरों के दौरान उन्हें मास्टर ब्लास्टर की प्रतिभा के बारे में पता चला।
बकौल गांगुली, ‘दक्षिण अफ्रीका में 2003 वर्ल्ड कप के दौरान हम पशोपेश में थे कि सचिन को किस क्रम पर उतरना चाहिए। इसके बाद अनिल कुंबले और जान राइट के साथ मेरी बैठक हुई और कुंबले ने कहा कि सचिन को ओपनिंग करनी चाहिए। इस दौरे पर सचिन ने हमें फाइनल तक पहुंचाया। सचिन मैदान पर ही नहीं बल्कि मैदान के बाहर भी हमेशा उन्हें सलाह दिया करते थे, जो उनके लिए मददगार साबित होती थी।’