शाहिद अफरीदी की कप्तानी छोड़ने के 40 घंटे के भीतर ही पाकिस्तान क्रिकेट टीम को नया कप्तान मिल गया।
टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज शरफराज अहमद पाक टी-20 के नए कप्तान चुने गए हैं। सरफराज वनडे में उपकप्तान की भूमिका में पहले से ही हैं। जबकि कप्तान अजहर अली हैं। पाक के टेस्ट कप्तान मिसबाह उल हक हैं।
पाक क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष शहरयार खान ने कहा कि मंगलवार सुबह उन्होंने सरफराज को फोन कर मामले की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अफरीदी के बाद वही कप्तानी में उनकी पहली पसंद हैं, उम्मीद भी जताई कि सरफराज अपनी नई जिम्मेदारी अच्छे से पूरा करेंगे।
गौरतलब है कि रविवार को शाहिद अफरीदी ने वर्ल्ड कप में पाक के निराशाजनक प्रदर्शन की जिम्मेदारी लेते हुए अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। हालांकि उन्होंने संन्यास की अटकलों को विराम दिया और कहा था कि वह आगे क्रिकेट खेलत रहेंगे, बशर्ते उन्हें टीम में रखा जाए।
एशिया कप और वर्ल्ड कप में शर्मनाक प्रदर्शन के बाद पाक टीम मैनेजर इंतिखाब आलम ने पांच पेज की रिपोर्ट बोर्ड को भेजी थी, जिसमें अफरीदी पर मैदान के अंदर और बाहर गैर जिम्मेदाराना रवैया अपनाने का आरोप लगाया गया। इसके बाद उनकी कप्तानी से छुट्टी लगभग तय थी।
अफरीदी के कप्तानी छोड़ने के एक दिन बाद सोमवार को टीम के मुख्य कोच वकार युनूस ने भी अपने पद से इस्तीफा दे दिया था।