ईरानी कप से पहले शेष भारत की टीम को बड़ा झटका लगा है। टीम के स्टार बल्लेबाज सरफराज खान टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। सरफराज अपनी आईपीएल टीम दिल्ली कैपिटल्स के कैंप में अभ्यास कर रहे थे और गेंद उनके बाएं हाथ की अंगुली में लगी। इसके बाद उन्होंने अभ्यास नहीं किया। सरफराज रविवार को ईडन गार्डन्स में होने वाले अभ्यास मैच में शामिल नहीं हुए। ईरानी कप ग्वालियर में दो दिनों के अंतराल में शुरू होगा।
चोट के कारण, सरफराज ने अंगली पर एक सुरक्षात्मक फाइबर लगाई हुई थी और दिन के दौरान बल्लेबाजी या फील्डिंग नहीं की। हालांकि, वह एनर्जी ड्रिंक के साथ अपने साथियों की मदद कर रहे थे।
मुंबई टीम के साथी पृथ्वी शॉ अभ्यास मैच के दौरान शानदार लय में थे और उन्होंने मेंटर सौरव गांगुली और सहायक कोच प्रवीण आमरे की उपस्थिति में मैदान के चारों ओर कुछ शानदार स्ट्रोक्स लगाए। शॉ, हालांकि, बल्लेबाजी सत्र के बाद मैदान छोड़कर बेंगलुरू रवाना हो गए। उन्हें एक कैंप के लिए एनसीए में रिपोर्ट करना है।
लय में नहीं थे ईशांत
चोट से वापसी कर रहे अनुभवी तेज गेंदबाज ईशांत शर्मा अभ्यास मैच के दौरान लय में नहीं थे। उन्होंने दोनों टीमों के लिए गेंदबाजी की, लेकिन उनकी गेंदों में कोई धार नहीं थी। ईशांत ने इस सीजन में केवल एक रणजी ट्रॉफी मैच खेला था और शेष सीजन के लिए साइड स्ट्रेन के कारण बाहर हो गए थे। अभ्यास के दौरान उनके शरीर में कुछ अधिक वजन दिख रहा था।
गेंदबाजी के बीच में उन्होंने अपने पूर्व राष्ट्रीय और कोलकाता नाइट राइडर्स टीम के साथी गांगुली के साथ लंबी बातचीत की। उनके रन-अप की लंबाई समान दिख रही थी, लेकिन लोड-अप से पहले की लय गायब थी, और उन्हें अपने पूरे शरीर को गेंद के पीछे लगाने के लिए बहुत प्रयास करना पड़ रहा था। उनकी गेंद में गति और धार नहीं थी।
बल्लेबाजों ने आसानी से उनकी गेंदों का सामना किया। आईपीएल के लिए एक महीने का समय बचा हुआ है, ईशांत को काफी कड़ी मेहनत करने की आवश्यकता होगी, क्योंकि वह इस समय मैच के लिए तैयार नहीं है। उनकी गति में कमी चिंता का सबसे बड़ा विषय है।