महज 15 साल का सरफराज खान एक बार फिर सुर्खियों में हैं। सरफराज ने इतनी कम उम्र में 66 गेंदों में शतकीय पारी खेलकर अपनी प्रतिभा फिर साबित की।
सरफराज एक उभरते हरफनमौला क्रिकेटर हैं। यह वही सरफराज हैं, जिन्होंने कुछ समय पहले 439 रनों की विश्व रिकॉर्ड पारी खेली थी। उन्होंने यह विश्व-रिकॉर्ड अंतर-विद्यालय क्रिकेट प्रतियोगिता हैरिस शील्ड में खेलकर बनाया था।
मुंबई के रहने वाले इस क्रिकेटर ने बुधवार को चार देशों की अंडर-19 एकदिवसीय टूर्नामेंट में महज 66 गेंदों में 101 रन बनाए। उन्होंने अपनी इस शतकीय पारी में 17 चौके के अलावा एक छक्का भी जमाया।
सरफराज ने इससे पहले जिम्बाब्वे के खिलाफ भी 55 रनों की पारी खेली और फिरकी गेंदबाजी करते हुए दो विकेट भी निकाले।
उनकी यह पारी इसलिए भी खास हो जाती है क्योंकि उन्होंने उस दक्षिण अफ्रीकी टीम के खिलाफ बड़ी पारी खेली जिसके पास तेज गेंदबाजों की बेहतरीन फौज है।
रिकी बुई भी चमके
वह जब छठे स्थान पर बल्लेबाजी करने आए तो उस समय भारत का स्कोर चार विकेट पर 93 रन था। उन्होंने रिकी बुई के साथ अफ्रीकी चुनौती को ध्वस्त करते हुए पांचवें विकेट के लिए 159 रनों की आतिशी साझेदारी कर न सिर्फ टीम को संकट से बाहर निकाला बल्कि टीम को 40 ओवर से पहले ही बड़ी जीत दिला दी।
रिकी ने भी नाबाद 94 रनों की पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में 12 चौके और तीन छक्के लगाए।
चार देशों की एकदिवसीय टूर्नामेंट में भारतीय टीम की यह दूसरी जीत है।
विशाखापटनम में दक्षिण अफ्रीका से मिले 271 रनों के जवाब में भारतीय टीम ने 39.3 ओवर में ही छह विकेट खोकर 275 रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया।