एशिया कप 2025 की शुरुआत में अब ज्यादा वक्त नहीं बचा है। मंगलवार को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) भारतीय टीम की घोषणा कर सकता है। इससे पहले युवा बल्लेबाज सरफराज खान ने शानदार शतकीय पारी खेलकर चयनकर्ताओं के लिए खास संदेश भेजा है।
138 रनों की तूफानी पारी खेलकर लौटे सरफराज
दाएं हाथ के बल्लेबाज सरफराज इन दिनों मुंबई के लिए बूची बाबू टूर्नामेंट में खेलते नजर आ रहे हैं। पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे 27 वर्षीय बल्लेबाज ने महज 92 गेंदों में शानदार शतक पूरा किया। तमिलनाडु की टीम के खिलाफ खेलते हुए सरफराज ने 114 गेंदों में 10 चौके और छह छक्के की मदद से 138 रन बनाए। वह रिटायर्ड हर्ट होकर पवेलियन लौटे। अपनी इस पारी के साथ सरफराज ने एशिया कप के लिए टीम इंडिया का दरवाजा खटखटाया है।
सरफराज खान का करियर
सरफराज पिछले कई वर्षों से रणजी ट्रॉफी में बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने पिछले साल इंग्लैंड के खिलाफ भारत के लिए टेस्ट डेब्यू भी किया था, लेकिन उन्हें हालिया इंग्लैंड दौरे के लिए टीम में जगह नहीं मिली। सरफराज खान ने भारत के लिए अब तक कुल छह टेस्ट खेले हैं, जिसकी 11 पारियों में उन्होंने तीन अर्धशतक और एक शतक की मदद से 371 रन बनाए हैं। सफराज के अगर प्रथम श्रेणी करियर की बात करें तो उन्होंने 55 मैचों में 65.98 की औसत से 4685 रन बनाए हैं। सरफराज के नाम प्रथम श्रेणी क्रिकेट में 16 शतक और 15 अर्धशतक हैं।
एशिया कप 2025
- फोटो : अमर उजाला
टूर्नामेंट का मेजबान बीसीसीआई
पुरुष क्रिकेट टीम के बीच होने वाला एशिया कप नौ से 28 सितंबर तक होगा। बीसीसीआई इस टूर्नामेंट का मेजबान है। टूर्नामेंट का आयोजन संयुक्त अरब अमीरात में इसलिए हो रहा है, क्योंकि भारत और पाकिस्तान के बीच मौजूदा तनाव के कारण दोनों देशों ने 2027 तक केवल तटस्थ स्थानों पर ही मैच खेलने पर आपसी सहमति जताई है। इसी के तहत इसी साल मार्च में चैंपियंस ट्रॉफी का मेजबान पाकिस्तान था, पर भारत ने सारे मुकाबले दुबई में खेले थे और चैंपियनशिप अपने नाम की थी।