केरल क्रिकेट एसोसिएशन ने 5 खिलाड़ियों पर प्रतिबंध लगा दिया है, जबकि 8 खिलाड़ियों पर जुर्माना लगा दिया है। केसीए ने इन सभी खिलाड़ियों को कप्तान सचिन बेबी का विरोध करने के चलते कार्रवाई की है। बता दें कि जिन क्रिकेटर्स पर जुर्माना लगाया गया है, उनमें टीम इंडिया के लिए एक टी-20 मैच खेलने वाले क्रिकेटर संजू सैमसन भी शामिल हैं।
केसीए ने जिन पांच खिलाड़ियों के खिलाफ कार्रवाई की है, उनमें रायफी गोमेज, संदीप वारियर, रोहन प्रेम, के एम आसिफ और मोहम्मद अजहरुद्दीन शामिल हैं। सभी क्रिकेटर्स को 3 वनडे मैचों के लिए बर्खास्त किया गया है। इसके अलावा संजू सैमसन, अभिषेक मोहन, केसी अक्षय, फाबिद अहमद, मोहम्मद निदीश, सलमान निजार, सिजोमॉन जोसेफ और वीए जगदीश पर वनडे के लिए पेनल्टी बीसीसीआई के तीन दिन के मैच फीस के बराबर होगी।
केसीए की तरफ से जारी बयान में बताया गया कि जिन खिलाड़ियों के सजा दी गई है वे सभी खिलाड़ी टीम की शांति, सौहार्द, स्थिरता और केसीए के हितों को नुकसान पहुंचा रहे थे। इसके अलावा सभी खिलाड़ी केरल के कप्तान सचिन बेबी के खिलाफ हस्ताक्षर अभियान भी चला रहे थे। केसीए ने इन सभी खिलाड़ियो को जानबूझकर कप्तान सचिन बेबी के खिलाफ साजिश रचने का दोषी माना है।
सभी दोषी खिलाड़ियों को 15 सितंबर तक जु्र्माने की राशि देनी होगी। इसके बाद सभी खिलाड़ियों को जुर्माना अदा करने का प्रूफ भी दिखाना होगा। इन खिलाड़ियों से वसूल की गई जुर्माने की फीस मुख्यमंत्री आपदा कोष में जमा की जाएगी। बर्खास्त किए गए खिलाड़ी विजय हजारे ट्रॉफी के दौरान 50-50 ओवर वाले तीन मैचों में नहीं खेल पाएंगे।