लखनऊ सुपरजाएंट्स के मालिक संजीव गोयनका ने आईपीएल 2025 में ऋषभ पंत के संभावित बल्लेबाजी स्थान को लेकर अपनी राय रखी है। गोयनका ने बताया कि पंत लखनऊ के लिए ओपनिंग भी कर सकते हैं और तीसरे नंबर पर भी उन्हें भेजा सकता है। उन्होंने साथ ही बताया कि वह जल्द ही टीम के कप्तान की घोषणा करेंगे।
आईपीएल इतिहास के महंगे खिलाड़ी हैं पंत
पंत आईपीएल नीलामी के इतिहास में बिकने वाले सबसे महंगे खिलाड़ी हैं। लखनऊ ने उन्हें पिछले सप्ताह सऊदी अरब के शहर जेद्दा में हुई मेगा नीलामी में 27 करोड़ रुपये में खरीदा था। पंत पहले दिल्ली कैपिटल्स का प्रतिनिधित्व करते थे, लेकिन वह अब लखनऊ टीम से खेलेंगे। पंत दिल्ली के कप्तान थे और अब तक लखनऊ की कमान संभालते आए केएल राहुल दिल्ली की टीम में शामिल हो गए हैं।
गोयनका ने यू-ट्यूब पर आकाश चोपड़ा के साथ बातचीत में कहा, 'एडेन मार्करम और मिचेल मार्श, मार्श और पंत या मार्करम-पंत के बीच ओपनिंग का विकल्प है। यह ऐसा फैसला है जिसका निर्णय टीम प्रबंधन करेगा कि पंत को तीसरे नंबर पर उतारना है या दूसरे स्थान पर। यह ऐसे फैसले हैं जो मेरी क्षमता से बाहर हैं।' लखनऊ का ओपनिंग के लिए संभावित विकल्प मार्श, पंत और मार्करम है।
गोयनका ने साथ ही बताया कि वह टीम में जोस बटलर को भी लेना चाहते थे जिन्हें नीलामी में गुजरात टाइटंस ने 15.75 करोड़ रुपये में खरीदा था। उन्होंने कहा, हमने तीन संयोजन बनाए थे। पहला पंत और बटलर था, इसका विचार यह था कि यह जोड़ी आक्रामक शुरुआत दिलाएगी और पावरप्ले में 60 से 85 रन तक बनाएंगी। अगर नीलामी में हम सफल होते तो हम इसी संयोजन के साथ आगे बढ़ते। लेकिन बटलर को नहीं ले सके।
कौन संभालेगा लखनऊ की कमान?
प्रशंसकों में इस बात को लेकर भी चर्चा चल रही है कि राहुल के जाने के बाद पंत और पूरन के बीच कौन लखनऊ की कमान संभालेगा। गोयनका ने इस पर कहा, लोग जल्द ही आश्चर्यचकित हो जाते हैं। मेरे अनुसार, मैं लोगों को आश्चर्य नहीं करता। कप्तानी पर फैसला हो गया है और इसका एलान अगले कुछ दिनों में कर दिया जाएगा।
लखनऊ ने राहुल को नहीं किया था रिटेन
राहुल की कप्तानी में लखनऊ तीन सीजन में से दो बार प्लेऑफ में पहुंची थी। लखनऊ के लिए आईपीएल 2024 सीजन अच्छा नहीं रहा था। लखनऊ फ्रेंचाइजी ने आईपीएल 2025 के लिए हुई मेगा नीलामी से पहले रिटेन खिलाड़ियों की सूची सौंपी थी जिसमें राहुल का नाम शामिल नहीं था। लखनऊ ने निकोलस पूरन (21 करोड़ रुपये), रवि बिश्नोई (11 करोड़), मयंक यादव (11 करोड़ ), मोहसिन खान (चार करोड़) और आयुष बदोनी (चार करोड़) में रिटेन किया था।