श्रीलंका के कुमार संगकारा ने एक और मुकाम छू लिया है। वह अब सुनील गावस्कर और ब्रायन लारा के क्लब में शामिल हो गए हैं।
चटगांव में बांग्लादेश के खिलाफ चल रहे दूसरे टेस्ट के पहले दिन श्रीलंका के पूर्व कप्तान और दिग्गज बल्लेबाज कुमार संगकारा ने अपना 34वां शतक बनाने के साथ ही सुनील गावस्कर और वेस्टइंडीज के ब्रायन लारा के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली।
इसके साथ ही वह श्रीलंका की तरफ से सर्वाधिक टेस्ट शतक बनाने वाले बल्लेबाज भी बन गए हैं।
पूर्व कप्तान महेला जयवर्धने के खाते में 33 टेस्ट शतक दर्ज हैं। बाएं हाथ के बल्लेबाज संगकारा अपने 122वें टेस्ट में इस मुकाम पर पहुंचे हैं।
सुनील गावस्कर ने 125 और लारा ने 131 मैचों में 34 शतक बनाए थे। इस सूची में भारत के सचिन तेंदुलकर (51) सबसे आगे हैं।
इस बीच कुमार संगकारा के नाबाद 160 रन की मदद से श्रीलंका ने मैच पहले दिन पांच विकेट पर 314 रन का मजबूत स्कोर बना लिया है। महेला जयवर्धने ने 72 रन का योगदान किया और दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 178 रन की साझेदारी की।