भारत के पूर्व बल्लेबाज संदीप पाटिल ने रविवार को खिलाड़ियों को सलाह दी कि वे मानसिक रूप से मजबूत रहें और कोविड-19 महामारी के बाद क्रिकेट दोबारा शुरू होने पर चोट मुक्त वापसी सुनिश्चित करें।
कोरोना वायरस महामारी के कारण क्रिकेट मैचों पर रोक के बाद इंग्लैंड और वेस्टइंडीज के बीच पहला अंतरराष्ट्रीय मैच अगले महीने जैविक रूप से सुरक्षित वातावरण में खेला जाएगा। भारतीय टीम को हालांकि निकट भविष्य में कोई क्रिकेट मैच नहीं खेलना।
‘स्टार स्पोर्ट्स’ ने पाटिल के हवाले से कहा, ‘यह काफी अनिश्चित समय है और किसी भी खिलाड़ी के लिए बिना चोट के वापसी करना बड़ी चुनौती है। लेकिन उन्हें याद रखने की जरूरत है कि इन सभी चुनौतियों से मजबूत मानसिकता के साथ निपटना होगा।’
उन्होंने कहा, ‘आपको धीमी शुरुआत करनी होगी और सुनिश्चित करना होगा कि आपका ध्यान पूरी तरह से चोट मुक्त वापसी कर रहे। यहां तक कि केन्या के कोच के रूप में मेरे कार्यकाल के दौरान मैं हमेशा ध्यान देता था कि किसी टूर्नामेंट से पहले खिलाड़ी मानसिक रूप से मजबूत रहें।’