पूर्व विस्फोटक बल्लेबाज सनत जयसूर्या को श्रीलंका क्रिकेट चयन समिति का प्रमुख बनाया गया है। खेल मंत्री महिंदानंदा अतुलगमागे ने जयसूर्या को नवगठित पांच सदस्यीय चयन समिति का प्रमुख नियुक्त किया।
नवगठित चयन समिति में जयसूर्या के अलावा चार अन्य सदस्यों में प्रमोदया विक्रमसिंघे, हेमंत विक्रमरत्ने, एरिक उपाशंता और चामिंडा मेंडिस शामिल हैं। मालूम हो कि हेमंत विक्रमरत्ने पूर्व के चयन समिति में भी थे।
वर्तमान चयन समिति का कार्यकाल 31 जनवरी को समाप्त हो रहा है। जिसके बाद एक फरवरी से जयसूर्या का कार्यकाल शुरू हो जाएगा।
गौरतलब है कि जयसूर्या ने श्रीलंका के लिए 110 टेस्ट, 445 वनडे और 31 टी-20 खेले हैं और वह विश्व विजेता टीम के प्रमुख सदस्य रहे। 2011 में क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद वह अपने गृह नगर मतारा से सत्तारूढ़ यूनाइटेड पीपुल फ्रीडम एलायंस (यूपीएफए) के सांसद हैं।