राजनीतिक मनोविज्ञानी आशीष नंदी को कथित दलित विरोधी टिप्पणी के संबंध में पूछताछ के लिए जयपुर पुलिस ने समन भेजा है। पुलिस जयपुर साहित्य महोत्सव के संयोजक संजोय रॉय से भी इस मामले में पूछताछ कर सकती है।
गौरतलब है कि जयपुर साहित्य महोत्सव में अनुसूचित जाति, जनजाति और पिछड़ा वर्ग के बारे में कथित विवादित टिप्पणी करने के कारण पुलिस नंदी के खिलाफ एससी/एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया था।
महोत्सव में एक पैनल चर्चा में नंदी ने कहा था कि अधिकतर भ्रष्ट लोग अन्य पिछड़ा वर्ग, अनुसूचित जाति और अब अनुसूचित जनजाति से आने लगे हैं। नंदी के इस बयान का खासा विरोध हुआ और मायावती समेत कई दलित नेताओं ने उनकी गिरफ्तारी की मांग की।
वहीं, पुलिस ने साहित्य महोत्सव के आयोजकों से कहा है कि वे आशीष नंदी के खिलाफ दर्ज मामले की जांच पूरी होने तक जयपुर से बाहर नहीं जाएं। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त बीजू जार्ज जोसफ ने कहा कि हमने आयोजक संजोय रॉय से कहा है कि वे विवादित टिप्पणी को लेकर दर्ज रिपोर्ट की जांच पूरी होने तक जयपुर नहीं छोड़ें।
नंदी की कथित दलित विरोधी टिप्प्णी के बाद अनुसूचित जाति-जनजाति मंच के अध्यक्ष राजपाल मीणा ने उनके और जयपुर साहित्य महोत्सव के संयोजक संजोय रॉय के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 506 और अनुसूचित जाति/जनजाति (उत्पीड़न रोकथाम) अधिनियम के तहत मामला दर्ज करवाया था।