पाकिस्तान क्रिकेट का हाल-बेहाल है। टी20 टीम के कप्तान सलमान अली आगा क्रिकेट के सबसे छोटे प्रारूप से ब्रेक लेने पर विचार कर रहे हैं। वह अपना ध्यान आगामी वनडे विश्व कप (2027) और विश्व टेस्ट चैंपियनशिप पर केंद्रित करना चाहते हैं। दरअसल, हाल ही में समाप्त हुए टी20 विश्व कप में पाकिस्तान टीम का प्रदर्शन निराशाजनक रहा था। इसके बाद से कयास लगाए जा रहे हैं कि सलमान आगा कप्तानी से इस्तीफा दे सकते हैं।
टी20 क्रिकेट से ब्रेक लेंगे सलमान आगा?
अगले साल वनडे विश्व कप का आयोजन होना है। स बार मेजबानी की जिम्मेदारी दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया के पास होगी। खास बात यह है कि इस एडिशन में 14 टीमें हिस्सा लेंगी और कुल 54 मैच खेले जाएंगे। इससे पहले पाकिस्तान की टी20 टीम के कप्तान सलमान आगा ने बेहतर तैयारियों का दावा किया है। उनका कहना है कि अगर जरूरत पड़ती है तो वह क्रिकेट के सबसे छोटे प्रारूप यानी टी20 से ब्रेक भी ले सकते हैं। सलमान ने कहा, 'विश्व कप में अभी काफी समय है। लेकिन हां, अपने शेड्यूल और वर्कलोड को मैनेज करने के बारे में सोचना जरूरी है। अगर मुझे लगता है कि इससे (ब्रेक से) मुझे विश्व कप और टेस्ट मैचों की तैयारी में मदद मिलेगी, तो मैं ऐसा जरूर करूंगा।'
पाकिस्तान टीम
- फोटो : PCB
टी20 विश्व कप में निराशाजनक रहा पाकिस्तान का प्रदर्शन
भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में हुए टी20 विश्व कप 2026 में पाकिस्तान टीम का प्रदर्शन निराशाजनक रहा। सलमान आगा के नेतृत्व वाली टीम सुपर-8 चरण से ही बाहर हो गई। इस तरह पाकिस्तान की टीम 2023 वनडे विश्वकप, 2024 टी20 विश्वकप और 2025 चैंपियंस ट्रॉफी के बाद एक और आईसीसी टूर्नामेंट के नॉकआउट में पहुंचने में नाकाम रही।