मैच के खत्म होने से 10 मिनट पहले श्रीलंका के हाथों टेस्ट मैच हारने वाली पाकिस्तानी टीम को एक और करारा झटका लगा है।
2 मैचों की टेस्ट सीरीज के पहले मैच में मिली 7 विकेट से हार के बाद पाकिस्तान सीरीज में 1-0 से पिछड़ गया है। ऐसे में उसकी वापसी की तैयारियों पर तगड़ा झटका भी लग सकता है।
टेस्ट क्रिकेट के पाक टीम के सबसे दिग्गज गेंदबाज सईद अजमल की गेंदबाजी एक्शन रविवार को समाप्त हुए मैच के दौरान संदेह के घेरे में आ गई है। अजमल ने पहले टेस्ट मैच की पहली पारी में श्रीलंका के 5 बल्लेबाजों को आउट किया था।
ICC ने दी पाक क्रिकेट टीम को जानकारी
पहले टेस्ट में मिली हार के बाद पाकिस्तान टीम को एक और झटका लगा जब उसके प्रमुख गेंदबाज सईद अजमल की गेंदबाजी एक्शन संदेह के घेरे में आ गई।
अजमल ने मैच की दूसरी पारी में 10वीं बार 5 विकेट लेने का कारनामा किया था लेकिन मैच अधिकारियों ने उनकी कई गेंदों पर आपत्तियां जताई हैं।
अधिकारियों ने अपनी इस आपत्ति से पाकिस्तान टीम के मैनेजर मोइन खान को भी अवगत करा दिया है और कहा है कि अब आईसीसी की प्रक्रिया के तहत ऑफ स्पिनर की गेंदबाजी एक्शन पर कोई फैसला लिया जाएगा। हालांकि मोइन अजमल के एक्शन को लेकर काफी विश्वस्त दिख रहे थे। मोइन के अनुसार अजमल जल्द ही आरोप मुक्त हो जाएंगे।
पहले भी जांच के घेरे में आ चुके हैं अजमल
आईसीसी के नियमानुसार 34 टेस्ट में 174 विकेट ले चुके सईद अजमल को 21 दिन के अंदर जांच प्रक्रिया से गुजरना होगा। हालांकि जब तक जांच का परिणाम नहीं आ जाता वह गेंदबाजी जारी रख सकते हैं।
और उनके गुरुवार से शुरू हो रहे दूसरे टेस्ट मैच में खेलने को लेकर फिलहाल कोई संशय नहीं है। यह दूसरा मौका है जब अजमल की गेंदबाजी एक्शन संदेह के घेरे में आई है।
इससे पहले अप्रैल 2009 में भी उनके ‘दूसरा’ पर सवाल उठा लेकिन जल्द ही इससे संशय दूर हो गया था। इस साल मई में अजमल की गेंदबाजी एक्शन पर सवाल उठने शुरू हुए थे जब इंग्लैंड के स्टुअर्ट ब्रॉड ने इस फिरकी गेंदबाज के एक्शन पर सवाल उठाए थे।
ICC दो अंतरराष्ट्रीय गेंदबाजों पर लगा चुका है बैन
आईसीसी संदिग्ध गेंदबाजी एक्शन को लेकर पिछले कुछ समय से काफी सख्त हुई है।
पिछले एक-दो महीनों में श्रीलंका के ऑफ स्पिनर सचित्रा सेनानायके और न्यूजीलैंड के केन विलियम्सन पर संदिग्ध गेंदबाजी एक्शन के कारण मैचों में गेंदबाजी करने से प्रतिबंधित कर दिया गया है।
हालांकि इन गेंदबाजों को अपना एक्शन सुधारने का मौका दिया गया है।