वनडे क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद सचिन तेंदुलकर ने अपने फैंस का शुक्रिया अदा करना नहीं भूले। बीसीसीआई को लिखे पत्र में उन्होंने कहा कि उनके फैंस ने उन्हें जो प्यार दिया, उसका वह शुक्रिया अदा करते हैं।
उन्होंने कहा कि मैं वनडे क्रिकेट से अलग होते हुए मुझे इस बात का गर्व है कि मैं विश्वविजेता टीम का हिस्सा रहा। उन्होंने कहा कि टीम को अब 2015 विश्वकप की तैयारियां शुरु कर देनी चाहिए। उन्होंने 2015 विश्वकप के लिए टीम इंडिया को शुभकामनाएं दीं।
गौरतलब है कि सचिन के वनडे से संन्यास की घोषणा भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने एक बयान के जरिए की, जिसमें कहा गया है कि सचिन ने बोर्ड अध्यक्ष एन. श्रीनिवासन से इस बारे में बात की थी।
सचिन के संन्यास की घोषणा उस दिन हुई जब भारतीय चयनकर्ताओं ने पाकिस्तान के खिलाफ दो टी-20 और तीन वनडे मैचों के लिए टीम का चयन किया।
बीसीसीआई के सचिव संजय जगदाले ने कहा कि यह कोई अचानक लिया गया फैसला नहीं था। उन्होंने अपने फैसले के बारे में टीम चयन से पहले ही हमें सूचित कर दिया था। उन्होंने मुझसे और बोर्ड अध्यक्ष से अपने फैसले के बारे में बात की थी। हमारी बात फोन पर हुई थी। इसलिए मैं यह नहीं कह सकता कि वह कितने भावुक
थे।
बीसीसीआई के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी रत्नाकर शेट्टी ने कहा कि सचिन ने अपने फैसले के बारे में बताते हुए अगले विश्वकप के लिए भारतीय तैयारियों को लेकर भी बात की थी। उनका कहना था कि उनके लिए संन्यास लेने का अब सही समय आ गया।
सचिन के 23 वर्ष छह दिन के वनडे करियर का सबसे महत्वपूर्ण क्षण गत वर्ष दो अप्रैल का दिन था जब भारत ने उनके गृह मैदान वानखेडे में श्रीलंका को हराकर 28 वर्षों के अंतराल के बाद दूसरी बार एकदिवसीय विश्वकप जीता था।