सचिन तेंदुलकर ने भले ही आईपीएल को अलविदा कह दिया है लेकिन उनके चैंपियंस लीग में खेलने पर अभी भी अटकलें लगी हुई हैं। सचिन यह स्पष्ट नहीं किया कि वह चैंपियंस लीग ट्वंटी-20 टूर्नामेंट में खेलेंगे या नहीं।
मुंबई इंडियंस के बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने कहा कि आईपीएल-6 चैंपियन बनने के बाद इस लीग से संन्यास लेने का उनका फैसला बिल्कुल सही है।
सचिन ने कहा कि मेरे विचार से आईपीएल से संन्यास लेने का यह बिल्कुल सही समय है। मुझे वास्तविकता का सामना करना है। मैंने पहले ही तय कर लिया था कि यह मेरा आखिरी सीजन होगा और इसका समापन परफेक्ट तरीके से हुआ।
वर्ल्ड कप के लिए मैंने 21 साल तक लंबा इंतजार किया और आईपीएल खिताब के लिए छह साल इंतजार करना पड़ा।
मुझे इस बात का थोडा अफसोस जरूर है कि मैं अंतिम एकादश का हिस्सा नहीं बन सका लेकिन इस बात की मुझे सबसे ज्यादा खुशी है कि टीम इतना बेहतरीन खेली कि हम पहली बार चैंपियन बन गए।
मेरा यह सपना भी पूरा हो गया है और मुझे खुशी है कि मैं पूरी संतुष्टि के साथ आईपीएल को अलविदा कह रहा हूं। मुझे थोड़ा वास्तविक भी होना पड़ेगा। मैंने मुंबई इंडियंस के साथ छह सीजन काफी लुत्फ उठाया। यह काफी शानदार यात्रा रही।
सचिन ने कहा कि 40 साल की उम्र के बाद उन्हें वास्तविकता का सामना करना ही है। मुंबई ने कोलकाता के ईडन गार्डंस में चेन्नई सुपर किंग्स को 23 रन से हराकर पहली बार खिताब जीता है।
इस दौरान सचिन ने अपने प्रशंसकों को भी शुक्रिया अदा किया। उन्होंने कहा, ‘मैं प्रशंसकों का जितना भी शुक्रिया अदा करूं वो कम है। मैं आप सभी समर्थकों का शुक्रिया अदा करता हूं जिन्होंने क्रिकेट का लुत्फ उठाया। क्रिकेट की जीत हुई है और हम यहां बेहतरीन क्रिकेट पेश करने में कामयाब रहे।’
यह पूछने पर कि 40 का होने के बाद क्रिकेट खेलने का अनुभव कैसा रहा तो सचिन ने कहा, ‘अनिल कुंबले ने कहा था कि 40 सिर्फ एक नंबर है। हमने मिलकर काफी कड़ी मेहनत की। चीजें आसानी से हासिल नहीं होती। इसके लिए आपको साथ में मिलकर कड़ी मेहनत करनी होती है।’