इंदौर में ऑस्ट्रेलिया को 5 विकेट से मात देकर सीरीज में टीम इंडिया के 3-0 से अपराजेय बढ़त हासिल करने के बाद मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर बेहद खुश हैं। सचिन की दिली इच्छा है कि विराट सेना कंगारुओं का 'व्हाइट वॉश' नहीं 'ब्लूवॉश' कर दे। इंदौर वनडे में जीत हासिल करने के बाद टीम इंडिया वनडे रैंकिंग में भी नंबर एक टीम बन गई है। सीरीज का चौथा मैच 28 अक्टूबर को बंगलुरु में खेला जाएगा। क्रिकेट के भगवान सचिन तेंदुलकर ने सीरीज जीत पर टीम इंडिया को बधाई देते हुए कहा कि मेन इन ब्लू ने बड़ी सहजता से जीत हासिल कर ली। लगातार नौ मैचों में अपराजेय रहना एक बड़ी उपलब्धि है। आईए इसे 11 तक पहुंचाएं सीरीज को ब्लूवॉश करें!
A win made to look rather easy by the #MenInBlue! Great achievement to remain unbeaten in 9 games! Let's make it 11 & #bluewash the series. pic.twitter.com/IvKnfVAZBq
— sachin tendulkar (@sachin_rt) 24 सितंबर 2017
सीरीज में अपराजेय बढ़त हासिल करने के बाद टीम इंडिया के पास खोने को कुछ नहीं है। वहीं कंगारू भारी दबाव में है। ऑस्ट्र्लिया सीरीज के बाकी बचे दो मैचों में अब अपनी लाज बचाने के लिए खेलेगी। ऐसे में उनके ऊपर पहले ही 5-0 से सूपड़ा साफ होने की तलवार लटक रही है। ऑस्ट्रेलिया टीम किसी भी स्थिति में इस शर्मनाक स्थिति से बचने की कोशिश करेगी। जिस तरह के फॉर्म में टीम इंडिया है उससे तो यही लगता है कि इस बार टीम इंडिया के पास इतिहास रचने का मौका है। भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया का द्विपक्षीय सीरीज में कभी सूपड़ा साफ नहीं कर सकी है।
भारतीय टीम ने साल 2017 की शुरुआत में ऑस्ट्रेलिया को उसके ही घर में टी-20 सीरीज में 3-0 से मात दी थी। टीम इंडिया ने श्रीलंका दौरे पर शानदार प्रदर्शन करते हुए टेस्ट, वनडे और
टी-20 सीरीज में एक भी मैच मेजबान टीम को नहीं जीतने दिया और दौरे में लगातार नौ मैच जीते। इसके बाद घर पर भी टीम इंडिया का विजय रथ जारी है।