तेज गेंदबाज एस श्रीसंत क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास ले चुके हैं। रणजी ट्रॉफी के इस सत्र में उन्होंने केरल के लिए सिर्फ एक मैच खेला और क्रिकेट से संन्यास का एलान किया। उन्होंने 2021-22 सत्र में क्रिकेट में वापसी की थी और सिर्फ एक मैच खेलकर ही क्रिकेट को अलविदा कह दिया। उनके संन्यास के बाद कई साथी खिलाड़ियों ने उन्हें नई पारी के लिए शुभकामनाएं दी हैं। सोशल मीडिया में श्रीसंत के साथियों ने उन्हें नई पारी की शुभकामनाएं दी हैं। मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर ने भी सचिन को संन्यास लेने पर शुभकामनाएं दी हैं।
सचिन ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर श्रीसंत को शुभकामनाएं देते हुए लिखा "तुम्हें हमेशा ही एक प्रतिभावान खिलाड़ी के रूप में आंका, जिसके पास बहुत सारी कला थी। इतने सालों तक भारत का प्रतिनिधित्व करने पर बधाई। दूसरी पारी के लिए शुभकामनाएं।"
दो विश्व कप जीतने वाली टीम में शामिल थे श्रीसंत
श्रीसंत दो विश्व कप जीतने वाली टीम का हिस्सा रहे हैं। साल 2007 में महेंद्र सिंह धोनी की अगुवाई में भारतीय टीम ने टी-20 विश्व कप जीता था। श्रीसंतत इस टीम का हिस्सा थे। इसके बाद 2011 में भारत ने वनडे विश्व कप अपने नाम किया था। इस टीम में श्रीसंत और सचिन दोनों शामिल थे। भारत ने फाइनल में श्रीलंका को हराकर यह मैच और टूर्नामेंट अपने नाम किया था।
39 साल के श्रीसंत ने 27 टेस्ट में भारत के लिए 87 विकेट चटकाए हैं। वहीं वनडे में उनके नाम 75 विकेट हैं। टी-20 में श्रीसंत ने सात विकेट अपने नाम किए हैं। उन्होंने भारत के लिए आखिरी टेस्ट मैच 2011 में खेला था। 2013 में वो भारतीय टीम में शामिल होने के करीब थे, लेकिन टीम में जगह नहीं बना पाए थे। आईपीएल में उन्होंने पंजाब, राजस्थान और कोच्ची टस्कर्स की टीम का प्रतिनिधित्व किया हैष 2020 और 2021 की नीलामी में किसी भी टीम ने उन पर बोली नहीं लगाई थी।
बेहतर विदाई का हकदार था- श्रीसंत
क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद श्रीसंत ने कहा है कि वो बेहतर विदाई के हकदार थे। 2021-22 रणजी ट्रॉफी में एक मैच के बाद उन्हें टीम से बाहर कर दिया गया था। इसके बाद श्रीसंत ने कहा है कि वो विदाई मैच खेलने के हकदार थे। उन्होंने कहा "मैं गुजरात के खिलाफ मैच खेलना चाहता था। मैच से पहले टीम मीटिंग में मैंने यह बात सभी को बताई थी। मैंने साफ कर दिया था कि यह मेरा आखिरी मैच होगा। मुझे लगता है कि मैं विदाई मैच का हकदार था।" रणजी के इस सत्र में उन्होंने सिर्फ एक मैच खेला था और उसमें दो विकेट लिए थे।