सचिन तेंदुलकर ने अर्शदीप सिंह का समर्थन किया है
- फोटो : सोशल मीडिया
पाकिस्तान के खिलाफ एशिया कप मैच के बाद तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ट्रोल्स के निशाने पर हैं। दरअसल, अर्शदीप ने सुपर फोर राउंड के मुकाबले में 18वें ओवर में आसिफ अली का अहम कैच छोड़ा था। तब आसिफ शून्य पर बल्लेबाजी कर रहे थे। इसके बाद आसिफ ने दो बाउंड्री लगाकर मैच पलट दिया था। इस कैच को लेकर सोशल मीडिया पर अर्शदीप पर कई हमले किए गए। उनका खालिस्तान से भी जोड़ा गया।
हालांकि, बाद में इसमें पाकिस्तानी साजिश का खुलासा हुआ था। यह बात सामने आई थी कि विकिपीडिया में छेड़छाड़ पाकिस्तान से की गई थी। भारत में कई पूर्व क्रिकेटर्स और कई फैन्स ने अर्शदीप का समर्थन भी किया है। हरभजन सिंह, मोहम्मद शमी, इरफान पठान, विराट कोहली समेत कई क्रिकेटर्स ने अर्शदीप का समर्थन किया। अब क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर ने भी अर्शदीप का समर्थन किया है।
अर्शदीप सिंह
- फोटो : सोशल मीडिया
सचिन ने मंगलवार को ट्वीट कर कहा कि लोगों को क्रिकेट को निजी हमलों से दूर रखना चाहिए। सचिन ने लिखा- देश का प्रतिनिधित्व करने वाला हर एथलीट अपना सर्वश्रेष्ठ देता है और हमेशा देश के लिए खेलता है। उन्हें हमारे निरंतर समर्थन की आवश्यकता है और याद रखें कि खेलों में आप कभी जीतते हैं और कभी-कभी आप कुछ खो देते हैं। क्रिकेट या किसी अन्य खेल को व्यक्तिगत हमलों से दूर रखें। अर्शदीप सिंह कड़ी मेहनत करते रहें।
सिर्फ भारत ही नहीं, विदेशी खिलाड़ी भी अर्शदीप का समर्थन कर रहे हैं। पाकिस्तान के पूर्व दिग्गज ऑलराउंडर मोहम्मद हफीज ने भी फैन्स से अपील की थी। उन्होंने कहा- सभी भारतीय फैंस से मेरा निवेदन। खेल में हम सभी गलतियां करते हैं, क्योंकि हम इंसान हैं। ऐसी गलतियों पर किसी को बेइज्जत न करें। हरभजन ने ट्वीट किया- युवा अर्शदीप सिंह की आलोचना करना बंद करें, कोई जानबूझकर कैच नहीं छोड़ता, हमें अपने खिलाड़ियों पर गर्व है। वहीं, इरफान ने लिखा- अर्शदीप मजबूत मानसिकता वाले खिलाड़ी हैं। उन्हें इसी तरह बने रहना चाहिए।
अर्शदीप सिंह
- फोटो : सोशल मीडिया
भारत को पाकिस्तान के खिलाफ सुपर-4 राउंड में पांच विकेट से हार का सामना करना पड़ा था। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 181 रन बनाए थे। जवाब में पाकिस्तान ने 19.5 ओवर में पांच विकेट पर लक्ष्य हासिल कर लिया। कोहली ने पाकिस्तान के खिलाफ 44 गेंदों में 60 रन की पारी खेली। अपनी पारी में उन्होंने चार चौके और एक छक्का लगाया। कोहली के अलावा कोई बल्लेबाज 30 से ज्यादा रन नहीं बना सका। राहुल ने 20 गेंदों में 28 रन और रोहित ने 16 गेंदों में 28 रन की पारी खेली।