टीम इंडिया का अगला मुख्य कोच बेहद खास होगा क्योंकि इनका चयन सचिन तेंदुलकर, सौरव गांगुली और वीवीएस लक्ष्मण जैसे दिग्गज क्रिकेटरों की समिति करेगी।
टीम इंडिया के मुख्य कोच के पद के लिए मिले 57 आवेदनों को शुरू में जांचने के बाद 21 आवेदक ही भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के प्रारंभिक मानदंडों पर खरा उतर पाए हैं।
बीसीसीआई के सचिव अजय शिर्के ने बुधवार को जारी एक बयान में कहा कि अब भारतीय टीम के प्रमुख कोच के पद के लिए इन 21 उम्मीदवारों के नामों को सचिन तेंदुलकर, सौरव गांगुली और वीवीएस लक्ष्मण की क्रिकेट सलाहकार समिति को सौंपा जाएगा। बोर्ड की ओर से कोच के लिए तैयार की गई रुपरेखा में 21 उम्मीदवार ही सही पाए गए हैं।
इस क्रिकेट समिति का मुख्य संयोजक संजय जगदाले को बनाया गया है। अगर यह क्रिकेट समिति चाहेगी तो उसे सभी 57 आवेदन उपलब्ध करा दिए जाएंगे। इस समिति के अहम सदस्य सचिन तेंदुलकर फिलहाल देश से बाहर हैं। तेंदुलकर ने हालांकि इस बात की पुष्टि की है कि जब भी जरूरत होगी तो वह वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए उपलब्ध रहेंगे।