दिग्गज बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर का मानना है कि यूएई में तापमान में गिरावट के कारण आईपीएल के बाद के मैचों में लक्ष्य का पीछा करना आसान हुआ, जिसमें ओस की भी भूमिका रही है। सचिन ने टूर्नामेंट के शुरुआती पांच सप्ताह की तुलना हाल में दुबई और अबुधाबी में खेले गए मैचों से की।
मास्टर ब्लास्टर ने कहा,‘टूर्नामेंट छह सप्ताह पहले शुरू हुआ था। तब की तुलना में तापमान में औसतन छह डिग्री की गिरावट आई है। इसके अलावा अगर आप धूप से बनने वाली छाया देखेंगे तो आपको अंदाजा लग जाएगा कि सूर्यास्त का समय भी बदल रहा है। ये सभी चीजें पिच को प्रभावित करती हैं। पहले पिच का तापमान सिर्फ दूसरी पारी में कम होता था।
उन्होंने कहा, 'टूर्नामेंट की शुरुआत में दुबई और अबुधाबी में लक्ष्य का पीछा करने वाली ज्यादातर टीमें सफल नहीं होती थी। लेकिन पिछले सात-आठ दिनों में इसमें अचानक बदलाव आया है और लक्ष्य का पीछा करने वाली टीमें लगातार जीत रही है। अब सूर्यास्त थोड़ा पहले हो रहा है, ऐसे में गेंदबाजों को थोड़ी मदद मिल रही है। पिच से (पहली पारी में) स्विंग प्राप्त हो रहा है। ऐसे में जो बल्लेबाज पहले आसानी से विकेट के सामने शॉट लगाते थे अब उन्हें ऐसा करने में परेशानी हो रही है।’