कोलकाता के ईडन गार्डंस में आज से शुरू हुए टेस्ट मैच में सचिन तेंदुलकर के फोटो वाले सोने के सिक्के से टॉस कराया गया।
इस मैच में और भी बहुत कुछ रहा खास। ब्रायन लारा और कई क्रिकेटर उनकी शानदार विदाई की कामना कर रहे हैं।
भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने भी सचिन की तारीफ की है। पढ़िए पूरी खबर...
'सचिन का शतक, भारत की हार हो'
सचिन तेंदुलकर के करियर का अंतिम टेस्ट सीरीज बुधवार से शुरू हो चुका है। कोलकाता उनकी भव्य विदाई के लिए जोरदार तैयारियों में जुटा है।
तेंदुलकर के समकालीन महानतम बल्लेबाज ब्रायन लारा ने भी उनकी बेहतरीन विदाई की कामना की है। वेस्ट इंडीज के पूर्व क्रिकेटर लारा ने अपनी टीम के सीरीज जीतने की उम्मीद जताई है, लेकिन उन्होंने यह भी कहा कि तेंदुलकर अपनी अंतिम सीरीज में शतक भी लगाएं।
तेंदुलकर को ब्रायन लारा और रिकी पोंटिंग के साथ समकालीन महान बल्लेबाजों में शुमार किया जाता है।
सचिन के सोने के सिक्के से हुआ टॉस
मास्टर सचिन तेंदुलकर के 199वें टेस्ट ऐतिहासिक मैच को यादगार बनाने के लिए कैब ने एक सोने का सिक्का तैयार करवाया गया था।
इस सिक्के में सचिन की फोटो और उनके टेस्ट मैचों की संख्या थी। इसी सिक्के के साथ दोनों टीमों के कप्तानों के बीच बुधवार की सुबह टॉस कराया गया।
जब साइट स्क्रीन को बढ़वाना पड़ा
सचिन तेंदुलकर का साइट स्क्रीन के प्रति सजग रहना कोई आम बात नहीं है। प्रैक्टिस के दौरान सचिन की नजर दोनों ओर की साइट स्क्रीन पर गई।
इसके बाद उन्होंने यह बात आयोजकों के कानों तक डाली। शाम को दोनों ओर की साइट स्क्रीन की लंबाई और चौड़ाई बढ़ाई जा रही थी।
ऑन लाइन टिकट खरीदनें वालों को दिक्कत
कैब की ओर से टिकटों की बिक्री का काम एक ऑनलाइन कंपनी को सौंपा गया था। लेकिन यह काम सही ढंग से सिरे नहीं चढ़ाया जा सका।
खुद आयोजकों ने इस बात को माना की जिन्होंने टिकटों की बुकिंग कराई है, लेकिन बड़ी संख्या में लोगों को टिकटें नहीं मिली हैं। लेकिन आयोजकों ने इसकी व्यवस्था करते हुए बुक कराने वालों को खुद टिकट जारी करने का फैसला किया है।
कोई लाया एक्वेरियम तो कोई सचिन नामा
सचिन को गिफ्ट देने वालों का तांता आज भी लगा रहा। इस शहर के रहने वाला मानस साहा ने तो सचिन के नाम के हर शब्द से शुरू होते हुए सचिन नामा ही लिख डाला। हालांकि इसे भेंट करने की उनकी हसरत पूरी नहीं हुई।
इसी तरह कृष्णा ने उनका एक स्केच तैयार किया। एक शख्स ने तो खारे पानी के अंदर उनका चित्र लगाकर एक एक्वेरियम ही तैयार कर डाला। कुछ शख्स उनके लिए केक भी लेकर आए।
'सचिन ने हमेशा टीम का मार्गदर्शन किया'
टीम इंडिया के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने सचिन की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस दिग्गज बल्लेबाज ने हमेशा टीम का मार्गदर्शन किया है।
उन्होंने कहा, "सचिन ने हमेशा टीम का मार्गदर्शन किया है। चूंकि अब वह अपनी अंतिम सीरीज खेल रहे हैं इसलिए लोगों का ध्यान इस बात पर जा रहा है। उन्होंने हमेशा युवा खिलाड़ियों का मार्गदर्शन किया। मुझे नहीं लगता है कि उनमें कोई बदलाव आया है। वह हमेशा से ऐसे ही थे।"