क्रिकेट के भगवान एवं राज्यसभा के मनोनीत सदस्य सचिन तेंदुलकर गुरुवार को पहली बार सदन में भाषण देने के लिए खड़े हुए, लेकिन कांग्रेस के हंगामे के चलते वो बोल नहीं पाए। इस घटना के बाद मास्टर ब्लास्टर ने सोशल मीडिया पर अपने दिल की बात रखी। तेंदुलकर ने अपने आधिकारिक फेसबुक पेज पर उस भाषण का वीडियो अपलोड किया है, जिसके बारे में वो राज्यसभा में कहने वाले थे।
इंटरनेशनल क्रिकेट में 100 शतक लगाने वाले एकमात्र बल्लेबाज तेंदुलकर ने 15.32 मिनट लंबा वीडियो अपलोड किया है। इसमें उन्होंने बताया है कि वो भारत को एक स्पोर्टिंग देश के तौर पर देखना चाहते हैं। उन्होंने साथ ही कहा कि वो भारत को सिर्फ खेल को सपोर्ट करने वाला ही नहीं बल्कि खेलने वाला देश भी बनाना चाहते हैं।
सचिन ने कहा, 'देश में ऐसे कई मुद्दे हैं जिन पर ध्यान देने की जरुरत हैं, लेकिन मैं एक खिलाड़ी होने के नाते खेल, स्वास्थ्य और फिटनेस पर बात करूंगा। मेरा सपना हेल्दी और फिट इंडिया का है।' तेंदुलकर ने एक हिंदी मुहावरे का इस्तेमाल करते हुए कहा, 'जब स्वस्थ युवा, तब देश में कुछ हुआ।'
ये भी पढ़ेंः सचिन के 'घर' में मिली थीं ऐसी चीजें, जिसे देखने के बाद मच गया था हड़कंप
भारत रत्न सचिन तेंदुलकर ने आगे कहा, 'भारत आज सबसे ज्यादा युवाओं वाला देश हैं, लेकिन देश के साढ़े सात करोड़ लोग डायबिटिज से ग्रस्त हैं। भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा डायबेटिक पीड़ित देश है। इससे इकोनॉमी पर काफी प्रभाव पड़ता है और देश के तरक्की में भी रूकावट होती है।'
सचिन ने अपने पिता प्रो. रमेश तेंदुलकर को धन्यवाद करते हुए कहा, 'मेरे पिता एक कवि और लेखक भी थे। उन्होंने मुझे हमेशा खेलने के लिए प्रोत्साहित किया। मैंने जो भी अपनी जिंदगी में करना चाहा, उसमें मेरा साथ दिया। मेरे पिता का सबसे खास तोहफा यह रहा कि मुझे खेलने की आजादी और खेलने का अधिकार दिया। इसके लिए मैं अपने पिता का हमेशा आभारी रहूंगा।'
यहां देखिए, सचिन तेंदुलकर का वीडियो -