भारतीय क्रिकेट के सुपरस्टार सचिन तेंदुलकर को अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने एक और सम्मान दिया है। दरअसल सचिन तेंदुलकर को आईसीसी ने क्रिकेट के हॉल ऑफ फेम में शामिल किया है। इसके अलावा दक्षिण अफ्रीका के पूर्व तेज गेंदबाज एलन डोनाल्ड, ऑस्ट्रेलिया की पूर्व महिला तेज गेंदबाज कैथरीन समेत तीन लोगों को गुरुवार को लंदन में हुए एक समारोह में आईसीसी क्रिकेट हॉल ऑफ फेम में शामिल किया गया। सचिन से पहले भारत से आईसीसी ने क्रिकेट के हॉल ऑफ फेम में पूर्व क्रिकेटर बिशन सिंह बेदी, कपिल देव, सुनील गावस्कर, अनिल कुम्बले को शामिल किया था।
आईसीसी क्रिकेट हॉल ऑफ फेम ऐसा समूह या सूची है जिसका उद्देश्य क्रिकेट इतिहास के दिग्गज खिलाड़ियों की उपलब्धियों को पहचान कर उन्हें सम्मानित करना है। यह समूह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने फेडरेशन ऑफ इंटरनेशनल क्रिकेटर्स एसोसिएशन के सहयोग से शुरू किया गया है। शुरुआती दौर में इसमें 55 खिलाड़ी शामिल थे।
आईसीसी के इस अवॉर्ड्स समारोह के दौरान हर साल नए सदस्यों को इसमें शामिल किया जाता है। आईसीसी क्रिकेट हॉल ऑफ फेम की शुरूआती सूची में डब्ल्यू जी ग्रेस, ग्राहम गूच, बैरी रिचर्ड्स जैसे दिग्गज खिलाड़ी शामिल हैं। अन्य देशों के खिलाड़ियों की तुलना में हॉल ऑफ फेम में अंग्रेज खिलाड़ियों की संख्या अधिक है।