कोलकाता में संशोधित यूजीसी वेतनमान को लागू करने के लिए 200 से अधिक जादवपुर विश्वविद्यालय के शिक्षकों ने गुरुवार को परिसर में रैली निकाली। जादवपुर विश्वविद्यालय शिक्षक संघ (जेयूटीए) के शिक्षकों ने पहले मुख्य प्रशासनिक भवन के सामने लगभग दो घंटे तक धरने में हिस्सा लिया और फिर परिसर में तख्तियों के साथ मार्च निकाला।
जेयूटीए के अलावा ऑल बंगाल यूनिवर्सिटी टीचर्स एसोसिएशन (एबीयूटीए-जेयू) के सदस्यों और पश्चिम बंगाल कॉलेज और यूनिवर्सिटी टीचर्स एसोसिएशन (डब्ल्यूबीसीयूटीए) के प्रतिनिधियों ने भी प्रदर्शनों में भाग लिया।
जेयूटीए के एक प्रवक्ता ने दावा किया कि पश्चिम बंगाल सरकार संशोधित यूजीसी वेतनमान के क्रियान्वयन को लेकर सुस्त है। जेयूटीए के सदस्य पार्थ प्रतिम रॉय ने कहा कि आंदोलनकारी शिक्षकों ने विश्वविद्यालय में वैधानिक निकायों के लिए छात्रसंघ चुनावों सहित तत्काल चुनाव कराने की मांग की।
रॉय ने कहा कि अगर उनकी मांगों पर गौर नहीं किया गया तो जेयूटीए सदस्य बड़ा आंदोलन शुरू करेंगे। एक अन्य जेयूटीए सदस्य ने कहा कि हम पहले सभी गैर-शिक्षण कार्यों को करना बंद कर देंगे, फिर कक्षाओं का बहिष्कार करेंगे और अंतिम चरण में अनिश्चितकालीन उपवास भी कर सकते हैं।