वनडे क्रिकेट से संन्यास ले चुके मास्टर बलास्टर सचिन तेंदुलकर ने मुंबई की ओर से खेलते हुए वडोदरा के खिलाफ रणजी मैच में शतक जमाया है। सचिन का यह 300वां प्रथम श्रेणी मैच है, जिसमें उन्होंने 80वां शतक जमाया है।
महान बल्लेबाज सुनील गावस्कर ने प्रथम श्रेणी मैचों में 81 शतक जमाए हैं। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सौ शतक जमा चुके सचिन अब प्रथम श्रेणी क्रिकेट में सैंकड़ा जड़ने के मामले में सुनील गावस्कर से केवल एक शतक पीछे हैं। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट सीरीज से पहले सचिन के बल्ले से निकला यह शतक उनके फॉर्म में आने के अच्छे संकेत हैं।
क्वार्टरफाइनल मुकाबले में लंच तक मुंबई ने 77 रन के योग पर 2 विकेट गंवा दिए थे। कौस्तुब पवार 8 और हिकेन शाह 9 रन बना कर आउट हुए। इसके बाद सचिन ने वसीम जाफर के साथ मिलकर मोर्चा संभाला और शानदार पारी खेलकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।
सचिन ने 233 गेंदों की अपनी पारी में 10 चौका और एक छक्का की मदद से 108 रनों की पारी खेली। लेफ्ट आर्म स्पिनर भार्गव की गेंद पर सीधा छक्का लगा कर उन्होंने हाफ सेंचुरी पूरी की। दूसरे छोर पर मौजूद सलामी बल्लेबाज वसीम जाफर ने भी शतक पूरा कर लिया है। पहले दिन 85 ओवर की समाप्ति तक महाराष्ट्र का स्कोर 3 विकेट के नुकसान पर 268 रन रहा। वसीम जाफर 134 रन बनाकर नाबाद हैं।