राहुल द्रविड़ के बाद सचिन तेंदुलकर ने भी मुंबई इंडियंस के आईपीएल खिताब जीतने के बाद संन्यास की घोषणा कर दी है। सचिन ने कहा है, आईपीएल को अलविदा कहने का यह सबसे सही समय है।
सचिन ने अपने संन्यास के फैसले पर कहा कि यह सबसे उचित समय है। मुंबई इंडियंस की टीम आईपीएल चैंपियन बनी इसके बाद उनके संन्यास लेने का फैसला सही है।
हालांकि गावस्कर ने सचिन से कहा कि अगले सीजन का पहला मैच मुंबई में खेला जाएगा। आप क्यों नहीं पहले मैच में खेल कर मुंबई में संन्यास लें। इसके जवाब में सचिन ने कहा कि अगर ऐसा कोई ऑफर मिलता है तो वो उसके बारे में जरूर सोचेंगे।
फाइनल में चेन्नई सुपर किंग्स को 23 रनों से हराकर मुंबई इंडियंस ने पहली बार आईपीएल का खिताब अपने नाम किया। हालांकि सचिन फाइनल में नहीं खेले लेकिन उनका योगदान मुंबई इंडियंस के लिए अहम रहा।
सचिन ने आईपीएल कैरियर में 78 मैचों में 2234 रन बनाए। मुंबई इंडियंस की टीम दूसरी बार फाइनल में पहुंची थी।
आईपीएल फाइनल के बाद सचिन का संन्यास लेना एक झटके जैसा है। स्पॉट फिक्सिंग व अन्य विवादों के बीच पिछले दिनों राजस्थान रॉयल्स के कप्तान राहुल द्रविड़ ने भी आईपीएल को बॉय-बॉय बोल दिया था। अब सचिन के भी आईपीएल नहीं खेलने से क्रिकेट के दो महान क्रिकेटरों को टूर्नामेंट में खेलते देखने का मौका नहीं मिलेगा।