रिकॉर्ड किंग सचिन तेंदुलकर ने पैड बांधकर ड्रेसिंग रूम में सात घंटे से ज्यादा देर बैठे रहने के कारनामें को दोहराया है। सचिन के 23 साल के करियर में यह दूसरा मौका है जब उन्हें बल्लेबाजी की अपनी बारी के लिए सात घंटे से से ज्यादा देर तक इंतजार करना पड़ा।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच के दूसरे दिन चेतेश्वर पुजारा के क्रीज पर पहुंचते ही सचिन ने भी पैड बांध लिए थे। इसके बाद सचिन को सात घंटे 15 मिनट तक अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा। पुजारा और मुरली विजय ने दूसरे विकेट के लिए 370 रनों रिकॉर्ड साझेदारी की।
इन दोनों बल्लेबाजों की साझेदारी 109.4 ओवर तक चली। तेंदुलकर को अपने करियर में पहली बार इतने अधिक ओवर तक पैड बांधकर ड्रेसिंग रूप में बैठना पड़ा।
इससे पहले सचिन तेंदुलकर को इंग्लैंड के खिलाफ दिसंबर 2008 में मोहाली में सात घंटे 40 मिनट तक पैड बांधकर अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा था। इस बीच हालांकि 108 ओवर फेंके गए थे।