कोलकाता टेस्ट में भारत की पारी शुरू हो चुकी है और बहुत संभावना है कि दूसरे दिन सचिन तेंदुलकर बल्लेबाजी के लिए क्रीज पर उतरें।
तेंदुलकर कोलकाता के ईडन गार्डंस में आखिरी बार अंतरराष्ट्रीय मैच खेल रहे हैं, लेकिन यह ऐतिहासिक मैदान उनके एक अनोखे रिकॉर्ड का इंतजार कर रहा है।
मास्टर ब्लास्टर के 24 साल के बेमिसाल करियर की यह आखिरी टेस्ट सीरीज है। इस सीरीज के बाद वह क्रिकेट को अलविदा कह देंगे।
ईडन में हजार रन से 138 रन दूर
क्रिकेट में ढेरों रिकॉर्ड अपने नाम कर चुके मास्टर बल्लेबाज कुछ रिकॉर्ड नहीं बना पाए हैं। जो रिकॉर्ड उनके नाम दर्ज नहीं है उनमें सबसे प्रमुख है एक मैदान पर एक हजार रन के आंकड़े को छूने का रिकॉर्ड।
एक ही मैदान (ईडन गार्डंस) पर रिकॉर्ड 13 टेस्ट मैच खेलने वाले सचिन तेंदुलकर किसी भी मैदान पर एक हजार रन का आंकड़ा नहीं छू पाए हैं।
एक ही मैदान पर सबसे ज्यादा रन बनाने का उनका रिकॉर्ड चेन्नई के एमए चिंदबरम स्टेडियम पर दर्ज है। इस मैदान पर उन्होंने 970 रन बनाए हैं। लेकिन दो मैचों की सीरीज का एक भी टेस्ट चेन्नई में नहीं खेला जाएगा।
कोलकाता के बाद सीरीज का दूसरा टेस्ट मुंबई में होगा। इस लिहाज से उनके पास यह आखिरी मौका है। ईडन गार्डंस में उन्होंने 12 टेस्ट मैचों में 862 रन बनाए हैं। वह एक हजार का आंकड़ा छूने से 138 रन दूर हैं।
अगर वह ऐसा कर लेते हैं तो किसी एक ही मैदान पर हजार रन बनाने वाले भारत के तीसरे बल्लेबाज बन जाएंगे। इससे पहले वीवीएस लक्ष्मण (1217 रन) और सुनील गावस्कर ऐसा कर सके हैं।
गावस्कर ने रिकॉर्ड दो बार ऐसा कारनामा किया है। वह मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम (1122 रन) और चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम (1018) में एक हजार से ज्यादा रन बनाए हैं।
सचिन से आगे हैं द्रविड़-लक्ष्मण
भले ही सचिन ने ईडन के मैदान पर सबसे ज्यादा टेस्ट मैच खेले हैं। लेकिन वीवीएस लक्ष्मण और राहुल द्रविड़ इस मैदान पर उनसे आगे हैं।
लक्ष्मण ने इस मैदान पर 10 टेस्ट मैचों में 1217 रन बनाए हैं जबकि द्रविड़ ने नौ मैचों से 962 रन जोड़े।
सचिन 16 हजार से 163 रन दूर
कोलकाता में आखिरी बार खेल रहे सचिन टेस्ट क्रिकेट में विश्व रिकॉर्ड 16 हजार रन से महज 163 रन दूर हैं।
उनके पास 163 रन बनाने के लिए दो टेस्ट मैच हैं। ऐसे में बहुत संभावना है कि वह इस मुकाम को छूने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन जाएंगे।
कोलकाता टेस्ट से पहले उन्होंने जिस अंदाज में बल्लेबाजी का अभ्यास किया, उससे यही लगता है कि वह 163 रन इसी मैदान पर बना लेंगे।