कॉर्बिन बॉश की शानदार गेंदबाजी के दम पर दक्षिण अफ्रीका ने संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) को हरा दिया। दक्षिण अफ्रीका ग्रुप चरण में अजेय रही और टीम ने अपने सभी चार मैच जीते। यूएई ने 20 ओवर में छह विकेट पर 122 रन बनाए। जवाब में दक्षिण अफ्रीका ने 13.2 ओवर में चार विकेट पर 123 रन बनाकर मैच जीता। दक्षिण अफ्रीका की टीम पहले ही सुपर आठ में जगह बना चुकी थी।
ग्रुप चरण में अजेय रहा अभियान
दक्षिण अफ्रीका ग्रुप चरण में अजेय रही और उसने अपने सभी मैच जीते। टीम चार मैचों में आठ अंक लेकर शीर्ष पर रही। ग्रुप डी से दक्षिण अफ्रीका और न्यूजीलैंड ने सुपर आठ के लिए क्वालिफाई किया, जबकि अफगानिस्तान, यूएई और कनाडा का सफर ग्रुप चरण में ही थम गया। पिछली उपविजेता दक्षिण अफ्रीका को सुपर आठ चरण के पहले मैच में 22 फरवरी को अहमदाबाद में मौजूदा चैंपियन और मेजबान भारतीय टीम से खेलना है।
दक्षिण अफ्रीका की पारी
यूएई ने गेंदबाजी की शुरुआत अच्छी की और पहले ओवर में ध्रुव पाराशर ने सिर्फ एक रन दिया। कप्तान एडेन मार्करम ने हालांकि दूसरे ओवर में जुनैद सिद्दीकी को दो चौके जड़कर दबाव । तीसरे ओवर में उन्होंने हैदर अली शाह को नसीहत देते हुए तीन चौके और एक छक्का लगाया लेकिन आखिरी गेंद पर बोल्ड हो गए। मार्करम ने 11 गेंद में पांच चौकों और एक छक्के के साथ 28 रन बनाए। नए बल्लेबाज रेयान रिकेल्टन ने छठे ओवर में मोहम्मद जवादुल्लाह को दो चौके लगाकर दक्षिण अफ्रीका का पचासा पूरा किया, लेकिन इसी ओवर में क्विंटन डिकॉक ने हैदर शाह को कैच थमा दिया। पावरप्ले के बाद स्कोर दो विकेट पर 56 रन था।
डेवाल्ड ब्रेविस ने टूर्नामेंट में पहली बार खुलकर खेलते हुए पहले आठवें ओवर में जवादुल्लाह को मिडविकेट के ऊपर और फिर अगले ओवर में हैदर को लांग आन पर छक्का लगाया। दूसरे छोर से रिकेल्टन ने मोहम्मद फारूक को 11वें ओवर में छक्का जड़ा लेकिन अगली गेंद में पाराशर को कैच देकर लौटे। रिकेल्टन ने 16 गेंद में 30 रन बनाए। ब्रेविस ने 25 गेंद में एक चौके और तीन छक्कों के साथ 36 रन बनाए। इससे पहले यूएई की पूरी पारी में कुल 10 चौके और दो छक्के लगे। अलीशान शराफू (38 गेंद में 45 रन) को छोड़कर कोई बल्लेबाज टिककर नहीं खेल सका।