टी20 विश्व कप 2026 का पहला सेमीफाइनल मुकाबला बुधवार को दक्षिण अफ्रीका और न्यूजीलैंड के बीच खेला जाएगा। इस मुकाबले की मेजबानी कोलकाता का ईडेन गार्डेंस करेगा। दक्षिण अफ्रीका का इस विश्व कप में रिकॉर्ड कमाल का रहा है। प्रोटियाज टीम ने सभी मुकाबले जीतकर अंतिम चार का टिकट हासिल किया है। वहीं, मिचेल सैंटनर की अगुआई में न्यूजीलैंड टीम ने भी दमदार खेल दिखाया है।
अब तक अजेय रहा है दक्षिण अफ्रीका
टी20 विश्व कप में दक्षिण अफ्रीका ने अब तक अपने सभी मुकाबले जीते हैं। दक्षिण अफ्रीका ने पांचवीं बार टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल में अपनी जगह बनाई है। दक्षिण अफ्रीका के लिए बल्लेबाजी में एडेन मार्करम बेहतरीन लय में दिखाई दिए हैं। मार्करम सात मैचों में 175 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 268 रन बना चुके हैं। वहीं, रेयान रिकेल्टन के बल्ले से भी लगातार रन निकल रहे हैं। रिकेल्टन ने सात मैचों में 171 के स्ट्राइक रेट से 228 रन बनाए हैं। क्विंटन डी कॉक दक्षिण अफ्रीका को अच्छी शुरुआत देने में सफल रहे हैं। डिकॉक ने अब तक खेले सात मुकाबलों में 171 रन बनाए हैं। लुंगी एनगिडी दक्षिण अफ्रीका के लिए इस टूर्नामेंट में सबसे सफल गेंदबाज रहे हैं। एनगिडी छह मुकाबलों में 12 विकेट निकाल चुके हैं, जबकि कॉर्बिन बॉश ने 11 विकेट चटकाए हैं। केशव महाराज की फिरकी का जादू भी खूब चला है।
न्यूजीलैंड का कैसा रहा है प्रदर्शन
दूसरी तरफ, न्यूजीलैंड सुपर-8 राउंड में सिर्फ एक जीत दर्ज कर सकी थी। पाकिस्तान के खिलाफ टीम का मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ गया था, जबकि इंग्लैंड के हाथों टीम को चार विकेट से हार झेलनी पड़ी थी। टिम सीफर्ट ने न्यूजीलैंड की तरफ सर्वाधिक रन बनाए हैं। सीफर्ट छह मुकाबलों में 157 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 216 रन बना चुके हैं। वहीं, रचिन रवींद्र ने बल्ले और गेंद दोनों से अहम योगदान दिया है। रचिन सात मैचों में 115 रन बनाने के साथ-साथ नौ विकेट निकाल चुके हैं।
कैसी है ईडेन गार्डेंस की पिच?
- ईडन गार्डेंस स्टेडियम की पिच बल्लेबाजों के अनुकूल रहती है। कोलकाता के इस मैदान पर जमकर चौके-छक्के लगते हैं।
- विकेट में बढ़िया बाउंस होने की वजह से गेंद बल्ले पर काफी अच्छे से आती है।
- ईडन गार्डेंस का पहली पारी में औसतन स्कोर 162 रन रहा है। वहीं, दूसरी पारी में औसत स्कोर 143 रन है।
सेमीफाइनल के लिए रखा गया है रिजर्व डे
टी20 विश्व कप के ग्रुप चरण और सुपर-8 में रिजर्व-डे का प्रावधान नहीं था, लेकिन सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले के लिए आईसीसी ने अतिरिक्त समय दिया है। मैच अधिकारियों के पास तय दिन पर मैच पूरा करने के लिए अतिरिक्त 90 मिनट होते हैं। अगर किसी भी दिन बारिश से खेल में रुकावट आती है, तो बॉल-आउट नहीं होगा। इसके बजाय, दोनों टीमों का फाइनल में पहुंचना सुपर 8 स्टैंडिंग के आधार पर निर्धारित करेगा।
मैच रद्द रहने पर कौन जाएगा फाइनल में?
अगर चार मार्च को दक्षिण अफ्रीका और न्यूजीलैंड के बीच पहला सेमीफाइनल बारिश की वजह से रद्द हो जाता है, तो मैच रिजर्व डे यानी पांच मार्च को वहीं से शुरू होगा जहां से रुका था। अगर रिजर्व डे पर भी खेल पूरा नहीं हो पाता है तो सुपर 8 ग्रुप में ऊपर रैंक वाली फाइनल में जगह बनाएगी। दक्षिण अफ्रीका ने सुपर-8 के तीनों मुकाबले जीतकर छह अंक हासिल किए थे। दूसरी ओर, न्यूजीलैंड ने सुपर-8 में तीन मुकाबले खेले, जिसमें एक मैच हारा, एक जीता और एक मुकाबला रद्द हो गया। इस टीम के पास तीन अंक थे। ऐसे में अगर बारिश के चलते मैच रिजर्व-डे में भी पूरा नहीं होता, तो साउथ अफ्रीका को फाइनल का टिकट मिलेगा।
मौसम का हाल
मौसम विभाग के अनुसार, चार मार्च को कोलकाता में बारिश होने की संभावना न के बराबर है। पूरे दिन तेज धूप खिली रहने की उम्मीद जताई जा रही है। अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। यानी मैच में बारिश का साया नहीं हैं और प्रशंसकों को बिना किसी बाधा के मैच का आनंद लेने मिलेगा।