दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा ने विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) के फाइनल से पहले ऑस्ट्रेलिया को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि उनकी टीम बखूबी जानती है कि ऑस्ट्रेलिया को किस तरह से हराना है। बता दें कि, इस साल जून में विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। यह मैच दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बीच 11 जून से लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड पर खेला जाएगा।
मौजूद चैंपियन ऑस्ट्रेलिया ने हाल ही में भारत को बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी में 1-3 से हराया था। भारत को पांच मैचों में सिर्फ एक मुकाबले में जीत नसीब हुई थी जबकि तीन मैच मेजबानों ने अपने नाम किए थे। वहीं, एक मुकाबला ड्रॉ पर खत्म हुआ था। इस सीरीज के आखिरी टेस्ट में जीत के साथ ऑस्ट्रेलिया ने डब्ल्यूटीसी फाइनल के लिए क्वालिफाई कर लिया।
'हम जानते हैं कि उन्हें कैसे हराना है'
रबाडा ने दक्षिण अफ्रीका की पाकिस्तान के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच में 10 विकेट से जीत के बाद सुपरस्पोर्ट पर कहा- इसमें अभी काफी समय है, लेकिन विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल जैसा बड़ा मौका आपको इसके लिए तैयार कर देता है। गत चैंपियन ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दक्षिण अफ्रीका अंडरडॉग के रूप में शुरुआत करेगा लेकिन रबाडा उलटफेर करने के प्रति आश्वस्त हैं।
उन्होंने कहा- दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बीच हमेशा से कड़ी प्रतिद्वंद्विता रही है, क्योंकि हम क्रिकेट काफी हद तक एक जैसा खेलते हैं। हम कड़ी मेहनत करते हैं। हम जानते हैं कि वे हमारे सामने कड़ी चुनौती पेश करेंगे लेकिन हम यह भी जानते हैं कि उन्हें कैसे हराना है।