दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बीच विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) फाइनल मैच के दूसरे दिन का खेल समाप्त हो गया है। लंदन के लॉर्ड्स मैदान पर खेले जा रहे इस मैच में ऑस्ट्रेलिया ने स्टंप्स तक दूसरी पारी में आठ विकेट पर 144 रन बना लिए हैं और उसकी कुल बढ़त 218 रन हो गई है। दिन का खेल समाप्त होने तक मिचेल स्टार्क 16 और नाथन लियोन एक रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं।
रबाडा-एनगिडी ने लगाई लगाम
मैच के दूसरे दिन गुरुवार को कुल 14 विकेट गिरे। इससे पहले शुरुआती दिन भी इतने ही विकेट गिरे थे। ऑस्ट्रेलिया ने पहले दूसरे सत्र में दक्षिण अफ्रीका के शेष छह विकेट गिराए, जबकि दक्षिण अफ्रीका ने भी स्टंप्स तक कंगारू टीम को आठ झटके दे दिए हैं। ऑस्ट्रेलिया ने आज दक्षिण अफ्रीका की पहली पारी 138 रन पर ऑलआउट की और 74 रनों की बढ़त हासिल की। हालांकि, कगिसो रबाडा और लुंगी एनगिडी की अगुआई में गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के दम पर दक्षिण अफ्रीका ने वापसी की कोशिश की और दूसरी पारी में भी ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों को रोके रखा।
कैरी-स्टार्क ने कंगारूओं को संभाला
ऑस्ट्रेलिया की बल्लेबाजी दूसरी पारी में खराब रही और उसने 73 रन पर ही सात विकेट गंवा दिए। इसके बाद एलेक्स कैरी ने मिचेल स्टार्क के साथ मिलकर आठवें विकेट के लिए 50+ रनों की साझेदारी की जिससे ऑस्ट्रेलिया की बढ़त 200 रन के पार पहुंची। दिन का खेल समाप्त होने से पहले ही रबाडा ने कैरी को आउट किया जो 43 रन बनाकर आउट हुए और अर्धशतक लगाने से चूक गए।
ऑस्ट्रेलिया के लिए दूसरी पारी में मार्नस लाबुशेन ने 22, स्टीव स्मिथ ने 13, उस्मान ख्वाजा ने 6, ट्रेविस हेड ने 9, ब्यू वेबस्टर ने 9 और कप्तान पैट कमिंस ने 6 रन बनाए। दक्षिण अफ्रीका के लिए कगिसो रबाडा और लुंगी एनगिडी ने तीन-तीन विकेट लिए, जबकि मार्को यानसेन और वियान मुल्डर को अब तक एक-एक सफलता मिली है। मैच के तीसरे दिन ऑस्ट्रेलिया की कोशिश बढ़त को बड़ी करने पर होगी, जबकि दक्षिण अफ्रीका की नजरें जल्द से जल्द ऑस्ट्रेलियाई पारी को ऑलआउट करने पर लगी होंगी।
कमिंस ने पूरा किया फाइव विकेट हॉल
इससे पहले, ऑस्ट्रेलिया ने कप्तान पैट कमिंस के शानदार प्रदर्शन की मदद से दक्षिण अफ्रीका की पहली पारी 138 रन पर ऑलआउट कर दी। कंगारू टीम को इस तरह 74 रनों की बढ़त हासिल हुई। ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 212 रन बनाए थे, लेकिन कमिंस की अगुआई में गेंदबाजों के दमदार प्रदर्शन की मदद से वह बढ़त लेने में सफल रही। ऑस्ट्रेलिया के लिए कमिंस ने छह विकेट लिए, जबकि मिचेल स्टार्क को दो और जोश हेजलवुड को एक सफलता मिली। दक्षिण अफ्रीका की बल्लेबाजी इस कदर खराब रही कि टीम के सिर्फ चार बल्लेबाज ही दहाई अंक तक पहुंच सके।
कमिंस ने बुमराह को पीछे छोड़ा
दक्षिण अफ्रीका की ओर से डेविड बेडिंघम ने सर्वाधिक 45 रन बनाए, जबकि कप्तान तेंबा बावुमा 36 रन बनाकर आउट हुए। रियान रिक्लेटन ने 16 और काइल वेरेने ने 13 रनों का योगदान दिया। कमिंस ने इसके साथ ही पारी में पांच विकेट पूरे किए। डब्ल्यूटीसी के मौजूदा चक्र में सबसे ज्यादा बार फाइव विकेट हॉल भी कमिंस के नाम हो गए हैं। उन्होंने छठी बार डब्ल्यूटीसी 2023-25 चक्र में ऐसा किया। इतना ही नहीं, कमिंस मौजूदा डब्ल्यूटीसी चक्र में सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज भी बन गए हैं। उनके नाम अब तक 2023-25 चक्र में 79 विकेट हो चुके हैं। उन्होंने दोनों ही मामलों में भारत के जसप्रीत बुमराह को पीछे छोड़ दिया है।
दक्षिण अफ्रीका के लिए एकमात्र बड़ी साझेदारी बावुमा और बेडिंघम के बीच हुई। इन दोनों बल्लेबाजों ने दूसरे दिन चार विकेट पर 43 रन से पारी आगे बढ़ाई। बावुमा और बेडिंघम के बीच पांचवें विकेट के लिए 64 रनों की साझेदारी हुई, लेकिन इस साझेदारी के टूटते ही दक्षिण अफ्रीका की पारी बिखर गई। दक्षिण अफ्रीका के लिए वियान मुल्डर ने छह, ट्रिस्टन स्टब्स ने दो, केशव महाराज ने सात और कगिसो रबाडा ने एक रन बनाए, जबकि एडेन मार्करम और मार्को यानसेन खाता भी नहीं खोल सके।